आसमान से बरसी आफत : बेमेतरा में एनीकट डूबा, बैजी गांव का टूटा संपर्क, ग्रामीण परेशान

बेमेतरा : जिले में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जिले के ग्राम बैजी का संपर्क पूरी तरह टूट गया है. गांव तक पहुंचने का एकमात्र सहारा एनीकट है, जो तेज बहाव के कारण डूब गया है. हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
बेमेतरा में एनीकट डूबा
लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम बैजी का मुख्य संपर्क मार्ग बंद हो गया है. गांव तक आने-जाने के लिए ग्रामीणों के पास केवल एनीकट का रास्ता है, लेकिन तेज बहाव के कारण उस पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. ऐसे में ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है या फिर कई दिनों तक गांव में ही फंसे रहने को मजबूर होना पड़ता है.
बैजी गांव का टूटा संपर्क, ग्रामीण परेशान
हर वर्ष बारिश के दौरान यही हालात बनते हैं. कई बार 10 से 15 दिनों तक गांव का संपर्क बाहरी दुनिया से कटा रहता है. इस दौरान ग्रामीणों को राशन, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
सबसे अधिक दिक्कत तब होती है जब गांव में कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाता है. स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो जाती हैं और मरीजों को इलाज के लिए गांव से बाहर ले जाना बेहद मुश्किल हो जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से पुल या वैकल्पिक सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है.
लगातार सामने आ रही इस समस्या के बावजूद ग्राम बैजी के लिए अब तक स्थायी पुल या सुरक्षित सड़क का निर्माण नहीं हो सका है. ऐसे में हर बारिश के साथ ग्रामीणों की परेशानी फिर से बढ़ जाती है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाता है.