साय मंत्रिमंडल विस्तार अभी टला, स्थानीय नेताओं में नहीं बन पाई सहमति…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं पर अब विराम लग सकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में संकेत दिए थे कि मंत्रिमंडल का विस्तार कभी भी हो सकता है, लेकिन अब नई जानकारी सामने आई है कि यह प्रक्रिया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही आगे बढ़ेगी। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही इस विषय पर प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक कर अंतिम निर्णय ले सकता है।

सूत्रों का मानना है कि भले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव और कैबिनेट विस्तार का सीधा संबंध न हो, लेकिन कुछ अहम सिफारिशों और समन्वय को लेकर उच्च स्तरीय बैठक जरूरी मानी जा रही है। यही कारण है कि फिलहाल विस्तार कुछ दिनों के लिए टल गया है।

बताया जा रहा है कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव इसी माह होने वाला है, जिसके बाद ही कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया शुरू होगी। इस कड़ी में हाल ही में प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने मुख्यमंत्री साय के साथ दो दिन की अहम बैठक की थी, जिसमें संगठन महामंत्री अजय जामवाल और पवन साय भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मंत्रिमंडल में फेरबदल शीघ्र किया जाएगा। वर्तमान में सरकार में मुख्यमंत्री सहित 11 मंत्री हैं। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद से एक पद रिक्त हुआ है। हरियाणा फार्मूले के तहत एक अतिरिक्त मंत्री पद भी संभावित है, जिससे कुल संख्या 14 हो जाएगी।

भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल हो रहे संदेशों के अनुसार, तीन नए मंत्रियों के नामों की चर्चा जोरों पर है—अमर अग्रवाल, गजेंद्र यादव और पुरंदर मिश्रा।

  • अमर अग्रवाल पूर्ववर्ती रमन सरकार में 14 वर्षों तक मंत्री रह चुके हैं और उन्हें रिजल्ट ओरिएंटेड नेता माना जाता है।
  • गजेंद्र यादव संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं और यादव समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो ओबीसी वर्ग में साहू समाज के बाद सबसे बड़ी आबादी है।
  • पुरंदर मिश्रा का नाम भी चर्चाओं में है, लेकिन रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर भी इस दौड़ में शामिल हैं। तीसरे नाम को लेकर पार्टी के भीतर अभी भी मंथन जारी है।

अब सबकी निगाहें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव पर टिकी हैं, जिसके बाद छत्तीसगढ़ की कैबिनेट में नए चेहरों के शामिल होने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button