बस स्टैन्ड बना बाइकर्स का अड्डा :  तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट करते नजर आए दर्जनों युवक, विडियो वायरल

कवर्धा | छत्तीसगढ़ के कवर्धा में नए बस स्टैंड परिसर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। सालों से बनकर तैयार लेकिन अब तक शुरू नहीं हो पाए इस बस स्टैंड के वीरान परिसर को कुछ बाइकर्स ने स्टंट करने का अड्डा बना लिया। वायरल वीडियो में दर्जनों युवक तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

वीरान बस स्टैंड बना स्टेट का अड्डा

जानकारी के अनुसार कवर्धा का नया बस स्टैंड काफी समय से बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हो पाई है। इसी कारण यह परिसर अधिकतर समय खाली और वीरान रहता है। इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ बाइकर्स यहां इकट्ठा होकर खतरनाक स्टंट करने लगे। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए स्टंट कर रहे हैं।

मैसेज के जरिए रखा गया था स्टंट कॉम्पिटिशन

बताया जा रहा है कि 2 मार्च को एक स्टंट कॉम्पिटिशन के लिए युवकों को मैसेज के माध्यम से बुलाया गया था। इस आयोजन में कई बाइकर्स शामिल हुए और उन्होंने अपनी बाइक से अलग-अलग तरह के खतरनाक स्टंट किए। वीडियो में कुछ युवक बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के तेज गति से स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा साफ दिखाई देता है।

बिना नंबर प्लेट की बाइक भी आई नजर

वायरल वीडियो में कुछ बाइक ऐसी भी दिखाई दीं जिनमें नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। इससे ट्रैफिक नियमों की खुली अनदेखी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस तरह की गतिविधियों पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

पुलिस कार्रवाई का इंतजार

सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि कवर्धा पुलिस इस वायरल वीडियो के आधार पर बाइकर्स की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds