सराफा बाजार : इतिहास में पहली बार एक किलो चांदी और दस ग्राम सोने के दाम 92000

रायपुर। सोने और चांदी की लगातार बढ़ती कीमत पर अमेरिका के टैरिफ वार के कारण विराम लग गया है और अब दाम कम होने लगे हैं। जो सोना तीन दिन पहले 94 हजार के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया था, वह अब दो हजार रुपए कम होकर शुक्रवार को 92 हजार हो गया। इसी तरह से चांदी एक लाख पार होकर एक लाख 21 सौ रुपए हो गई थी, वह अब 92 हजार पांच सौ रुपए हो गई है। यानी चांदी के दाम 96 सौ रुपए कम हो गए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि,  दस ग्राम सोने और एक किलो चांदी की कीमत 92 हजार हो गई है। सोने और चांदी की कीमत में इस साल लगातार इजाफा हो रहा है। लेकिन अब इनकी कीमत कम होने लगी है।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के महासचिव प्रकाश गोलछा और सराफा रायपुर सराफा एसोसिशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा विश्व बाजार में विभिन्न देशों पर लगाए गए टैरिफ से बाजार में व्यापार युद्ध की स्थिति निर्मित हो गई है। 2 अप्रैल की रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  अंतरराष्ट्रीय बाजार के विभिन्न देशों पर भारी टैरिफ लगाएं जाने से वैश्विक बाजार में वातावरण तनावपूर्ण बन गया है साथ ही अस्थिरता का वातावरण बन गया है। चीन ने भी अमेरिका पर टैरिफ लगा दिया है। इससे व्यापार युद्ध की स्थिति निर्मित हो गई है। इसके कारण सराफा बाजार पर बड़ा असर पड़ा है और अब सोने और चांदी के दाम लगातार कम हो रहे हैं।

एक दिन में सोना टूटा 2000, चांदी 5500

बाजार में उथल पुथल के बीच चौतरफा हाहाकार मचा हुआ है। शेयर बाजार में भी बड़ी गिरावट आई है। वहीं सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने में एक दिन में 2 हजार रुपए की गिरावट आई है। वहीं चांदी में एक दिन में 5500 रुपए की गिरावट आ गई है। पहली बार सराफा बाजार में सोने और चांदी एक भाव एक हो गया है।

और गिरावट की आशंका 

दुनियाभर के बाजारों में मंदी की आशंका गहरा गई है। ट्रंप के टेरिफ वार के चलते हर तरफ बिकवाली का माहौल बना हुआ है। खरीदारी कम हो रही है। सोने और चांदी में मुनाफावसूली भी की जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सोने के दाम धड़ाम हो सकते हैं। बीते कुछ सालों में सोने के दाम तेजी से बढ़े हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds