लॉगिन

20 लाख का बजट पारित : भाटापारा नगर पालिका परिषद ने वन नेशन-वन इलेक्शन के समर्थन में प्रस्ताव भी किया मंजूर

Chhattisgarh April 26, 2025 रिपोर्टर: Mahima Yadav
20 लाख का बजट पारित : भाटापारा नगर पालिका परिषद ने वन नेशन-वन इलेक्शन के समर्थन में प्रस्ताव भी किया मंजूर

20 लाख का बजट पारित : भाटापारा नगर पालिका परिषद ने वन नेशन-वन इलेक्शन के समर्थन में प्रस्ताव भी किया मंजूर

भाटापारा। नगर पालिका परिषद भाटापारा की विशेष सभा में शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 2082.25 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार की ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ पहल का समर्थन करते हुए संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

गौरतलब है कि, हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनावों के बाद नगर पालिका परिषद में भाजपा की नई कार्यकारिणी ने पदभार संभाला है। परिषद के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित 24 पार्षद भाजपा से निर्वाचित हुए हैं। बजट पारित करने की प्रक्रिया में विलंब को देखते हुए विशेष सभा का आयोजन किया गया।

अश्वनी शर्मा ने नगर हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर रखे विचार

सभा की अध्यक्षता कर रहे अश्वनी शर्मा ने नगर हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार रखते हुए बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने नगर पालिका की दुकानों के आबंटन और किराया निर्धारण को अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों को उचित लाभ मिल सके। इसके साथ ही, जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल और सहज बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

कार्यकारिणी नगर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध

2082.25 लाख रुपये के इस बजट में नगर की प्राथमिकताओं और विकास आवश्यकताओं को विशेष रूप से शामिल किया गया है। सभा के दौरान सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि नई कार्यकारिणी नगर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ लोकतंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल

वन नेशन-वन इलेक्शन पर पारित प्रस्ताव को लोकतंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल माना गया। विशेष सभा में पारित सभी प्रस्तावों का उद्देश्य नागरिकों की सुविधा और नगर के सतत विकास को सुनिश्चित करना रहा।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds