Site icon khabriram

अपनी बच्ची को बचाने जंगली सुअर से भिड़ी बहादुर माँ, सुअर को मारकर खुद भी दे दी जान

कोरबा : जिले में एक मां अपनी बेटी को बचाने जंगली सुअर से भिड़ गई। उसने करीब आधे घंटे तक सुअर से डटकर मुकाबला की। इसके बाद उसने बेटी को तो बचा लिया। हथियार से कई वार कर उसने सुअर को तो ढेर कर दिया, लेकिन खुद की जान नहीं बचा पाई।

ग्राम तेलियामार निवासी दुवसिया बाई(45) अपनी 11 साल के बेटी सुनीता को लेकर रविवार दोपहर को गांव के खेत में मिट्‌टी लेने गई थी। यहां वो फावड़ा और कुदारी से मिट्‌टी खोद रही थी। उसी दौरान अचानक से जंगली सुअरों का झुंड आया और उन्होंने पहले सुनीता पर हमला कर दिया।

महिला ने फावड़े और कुदारी से सूअर पर किए कई वार

बताया गया कि ये देखकर महिला सुअरों से भिड़ गई। झुंड के दूसरे सुअर भाग निकले। मगर एक सुअर ने लड़की को पकड़ रखा था। इसके बाद महिला ने उस पर फावड़े और कुदारी से कई वार किए। जिससे उसने लड़की तो छोड़ दिया, पर सुअर ने महिला पर हमला कर दिया। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक संघर्ष चलता रहा।

बच्ची ने घटना की जानकारी पिता को दी

सुअर के चंगुल से छूटने के बाद बच्ची दौड़ती हुई अपने घर गई। वहां उसने अपने पिता को इसके बारे में जानकारी दी। दोनों मौके पर पहुंचे। तब तक महिला और जंगली सुअर की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आस-पास के लोगों को और वन विभाग को इस घटना की जानकारी दी गई थी। खबर लगते ही पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मरे हुए सुअर को भी ले जाया गया।

Exit mobile version