CG ऑटोमोबाइल में बूम : वाहन बिक्री में ऐसी छलांग कि छत्तीसगढ़ बन गया नंबर वन

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने इस साल वाहन बिक्री के मामले में इतिहास रच दिया है। अपने राज्य ने बिक्री की ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि जनवरी से नवंबर तक देश में सबसे ज्यादा 18.57 फीसदी की ग्रोथ के साथ छत्तीसगढ़ नंबर वन हो गया है। बीते साल जनवरी से दिसंबर तक छत्तीसगढ़ में 564443 वाहन बिके थे, जबकि इस साल जनवरी से नवंबर तक ही 669285 वाहन बिके हैं।

यह आंकड़ा दिसंबर में और ज्यादा हो जाएगा। दूसरे नंबर पर पुडुचेरी और तीसरे नंबर पर अरुणाचल प्रदेश है। देश में सबसे ज्यादा वाहन बेचने वाले उप्र और महाराष्ट्र जैसे राज्य भी ग्रोथ में छत्तीसगढ़ से काफी पीछे हैं। उप्र की ग्रोथ जहां महज 1.80 फीसदी है, वहीं महाराष्ट्र की 3.73 फीसदी है। देश के 17 राज्यों की ही ग्रोथ ही ज्यादा हुई है, जबकि 18 राज्यों की ग्रोथ पहले से कम हुई है। अपने प्रदेश में वाहनों की बिक्री लगातार बढ़ रही है। इस साल नए साल के प्रारंभ से ही बिक्री ने रिकॉर्ड बनाने का क्रम प्रारंभ किया है। पहले माह जनवरी में ही 23.63 फीसदी वाहन ज्यादा बिके। बीते साल जनवरी में 46472 वाहन बिके थे, जबकि इस साल 57455 वाहन बिके। इसके बाद फरवरी में बीते साल के 41754 वाहनों के मुकाबले इस फरवरी में 53614 वाहन बिके जो बीते साल से 28.40 फीसदी ज्यादा हैं। मार्च में इस बार 59546 वाहन बिके, जबकि बीते साल 45548 वाहन बिके थे। इस साल 30.73 प्रतिशत की ग्रोथ रही।

नए सत्र अप्रैल से भी ग्रोथ

अप्रैल से नए सत्र का आगाज हुआ तो इस माह भी ग्रोथ जारी रही। अप्रैल में तो बीते तीन माह से ज्यादा 46.37 फीसदी वाहन ज्यादा बिक गए। बीते साल 39983 वाहन बिके थे, जबकि इस अप्रैल 58522 वाहन बिके। मई में 56115 वाहन बिके जबकि बीते साल 39462 वाहन बिके थे। इस माह 42 20 फीसदी की ग्रोथ रही। जून में मई के मुकाबले कम वाहन बिके, लेकिन ये बीते साल से 28.76 फीसदी ज्यादा रहे। हर माह ऐसी ही वृद्धि दर्ज की जाती रही।

नवंबर ने रचा इतिहास

अक्टूबर का माह आटोमोबाइल सेक्टर के लिए सबसे ज्यादा अच्छा रहा। इस एक ही माह में नवरात्रि, पुष्य नक्षत्र और धनतेरस होने के कारण सबसे ज्यादा वाहन बिके। बीते साल दीपावली नवंबर में होने के कारण अक्टूबर में कम वाहन बिके थे और नवंबर में ज्यादा वाहन बिके थे। बीते साल अक्टूबर में 52070 वाहन बिके थे, जबकि इस साल 84839 वाहन बिके। अक्टूबर का रिकॉर्ड नवंबर में टूट गया। इस माह रिकॉर्ड एक लाख आठ हजार वाहन बिके हैं। इसमें सबसे ज्यादा 86552 बाइक बिकी है। इसके बाद 3626 ट्रैक्टर बिके हैं। कारों की बिक्री तीसरे नंबर पर रही। कारें 3503 बिकी हैं। बिक्री के मामले में राजधानी रायपुर हमेशा की तरह पहले नंबर पर है। यहां पर सबसे ज्यादा 15196 वाहन बिके हैं।

ठहराव, गिरावट

वृद्धि के बीच अगस्त में जुलाई के मुकाबले ग्रोथ कम हो गई, लेकिन फिर भी यह बीते साल से 20.25 फीसदी ज्यादा रही। सितंबर का माह ही एक ऐसा माह है जिसमें बीते साल से 4.45 फीसदी वाहन कम बिके। इसके पीछे का कारण यह रहा कि इस माह पितृ पक्ष होने के कारण लोगों ने वाहन कम खरीदे।

हमारे राज्य की ग्रोथ ज्यादा

फाड़ा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष विवेक गर्ग ने बताया कि देश के जिन राज्यों में इस साल वाहन बिक्री की ग्रोथ हुई है, उसमें हमारा राज्य छत्तीसगढ़ सबसे ज्यादा ग्रोथ के साथ पहले नंबर पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds