मिस्र में 27 लोगों को ले जा रही नाव में लगी आग, तीन ब्रिटिश पर्यटक लापता; चलाया गया रेस्क्यू अभियान

काहिरा : मिस्र के लाल सागर में रविवार को पर्यटकों को ले जा रही एक नाव में आग लग गई। इस नाव में कई ब्रिटिश पर्यटक भी सवार थे, जिनमें से तीन लापता हैं।

कितने पर्यटक नाव में सवार थे?

समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बचावकर्मी लापता ब्रिटिश पर्यटकों की तलाश में जुटे हुए हैं। नाव में 15 ब्रिटिश पर्यटकों सहित 27 लोग सवार थे। इनमें से 12 ब्रिटिश पर्यटकों सहित 24 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है।

ब्रिटेन का विदेश कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। एक बयान के मुताबिक, विदेश कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि वे स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और इस घटना में शामिल ब्रिटेन के नागरिकों की मदद में जुटे हुए हैं।

समुद्री तटों को क्यों किया गया था बंद?

यह घटना हर्गहाडा के लाल सागर रिसॉर्ट में समुद्र तटों को बंद किए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आई है। शार्क के हमले में एक रूसी व्यक्ति के मारे जाने के बाद समुद्री तटों को बंद कर दिया गया था। दरअसल, साल 1999 में पैदा हुए एक रूसी नागरिक की शार्क द्वारा किए गए हमले की वजह से मौत हो गई थी।

मिस्र के पर्यावरण मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पर्यावरण मंत्री यासमीन फौद ने स्थानीय अधिकारिकों को लाल सागर के समुद्री तटों पर जाने वालों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है। ताकि फिर से शार्क हमले जैसी घटना पुनरावृत्ति न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds