बंद कमरे से 40 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

कोंडागांव : कोंडागांव जिले के नगर पंचायत फरसगाँव के वार्ड क्रमांक 4 चार अगस्त मंगलवार शाम को एक युवक का शव उसके ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान विजय सेठिया उर्फ ललित (40 वर्ष), पिता दीनबन्धु सेठिया के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक विजय सोमवार रात से अपने कमरे में था। मंगलवार सुबह घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्य पर निकल गए। शाम करीब 6 बजे जब परिजन लौटे, तब भी कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। विजय का शव बिस्तर पर खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की कलाई पर गहरा कट का निशान था, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। कमरे में खून फैला हुआ था। वहीं, पास रखी टेबल पर एक ब्लेड भी मिला, जिसे पुलिस ने अन्य साक्ष्यों के साथ जब्त कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए तथा शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds