भाजपा सदस्यता अभियान: 18 दिन में 4 करोड़ ने थामा दामन, उत्तरप्रदेश नंबर-1, एमपी और गुजरात में 50-50 लाख नए सदस्य

भोपाल : देशभर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का सदस्यता अभियान चल रहा है। एमपी, यूपी सहित सभी राज्यों में BJP की सदस्यता दिलाने की होड़ मची है। तीन सितंबर से शुरू बीजेपी के सदस्यता अभियान में अब तक 4 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। एक करोड नए सदस्य बनाकर उत्तरप्रदेश पहले स्थान पर है। मध्यप्रदेश और गुजरात में 50-50 लाख नए सदस्य बने हैं। असम में 35 लाख लोगों ने भाजपा का दामन थामा है। BJP के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने सोशल मीडियो ‘X’ पर tweet कर यह जानकारी साझा की है।

बीएल संतोष की पोस्ट: प्रथम चरण में उत्साहवर्धक रुझान
BJP के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने ‘X’ पर ट्वीट कर सदस्यता के आंकड़े साझा किए हैं। बीएल संतोष ने लिखा है कि सदस्यता अभियान के प्रथम चरण में उत्साहवर्धक रुझान है। लाखों कार्यकर्ताओं को सलाम। संतोष ने आगे लिखा है कि भाजपा सदस्यता अभियान का आंकड़ा 4 करोड़ छू गया। यूपी ने 1 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। एमपी और गुजरात ने 50-50 लाख। असम 35 लाख का आंकड़ा पार करने की ओर अग्रसर है।

आज और कल नौजवानों की सदस्यता का दिन
मध्य प्रदेश में भाजपा के 95 लाख सदस्य थे। भाजपा ने इस बार डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। 50 लाख से अधिक सदस्य भाजपा ने बना लिए हैं। एमपी भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि बूथ-बूथ के कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत एमपी में 50 लाख बन गए हैं। अब तक 57 लाख मिस्ड कॉल हुए हैं। 50 लाख फार्म भरे जा चुके हैं। बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने रिकॉर्ड बनाया है। वीडी शर्मा ने कहा कि जो हमारा टारगेट है, उस लक्ष्य से ऊपर सदस्यता होगी। एमपी सदस्यता में इतिहास बनाएगा। 21 और 22 सितंबर को नौजवानों की सदस्यता का दिन होगा।

इन विधानसभाओं में लक्ष्य पार 
जानकारी के मुताबिक, सदस्यता अभियान में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र इंदौर क्र.1 ने सबसे पहले लक्ष्य को पार किया है। इंदौर क्र.1 में लक्ष्य से ज्यादा 102% सदस्य बने हैं। भोपाल मध्य में 85%, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा की विधानसभा मल्हारगढ़ में 84%, इंदौर क्र.2 में 84%, आगर में 79% सदस्यता हुई है।

इन जिलों ने किया बेहतर प्रदर्शन 
मध्यप्रदेश के इन 10 जिलों ने सदस्यता के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया है। मंदसौर में 65 फीसदी लक्ष्य की प्राप्ति हो चुकी है। इंदौर नगर 60%, अशोक नगर 57%, इंदौर ग्रामीण 51%, उज्जैन नगर 49%, भोपाल नगर 48%, जबलपुर नगर 48%, आगर 46%, गुना 45% और नर्मदापुरम में 42 फीसदी लक्ष्य प्राप्त हो चुका है।

उत्तरप्रदेश: हरदोई नंबर वन
तीन सितंबर से 25 सितंबर तक पहले चरण का अभियान चलेगा। एक अक्टूबर से दूसरा चरण शुरू होगा, जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। उत्तरप्रदेश में सदस्यता अभियान के आंकड़ों पर नजर डालें तो हरदोई में सबसे ज्यादा सदस्य बने हैं। 1,74,769 सदस्य बनाकर हरदोई पहले स्थान है। अमरोहा ने 1,69,785 सदस्य बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया है। 1,67,578 सदस्य बनाकर लखनऊ तीसरे स्थान पर है। बुलंदशहर चौथे और कुशीनगर पांचवें स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button