Site icon khabriram

झूठ बोलने में भाजपा को है महारत हासिल, आरक्षण पर भाजपा नेताओं के मुंह में जम गया दही और रासुका पर कर रहे हैं झूठी बयानबाजी : भूपेश बघेल

रायपुर| मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें झूठ बोलने में महारत हासिल है लेकिन, अभी वो प्राइमरी क्लास में है और पीएचडी नहीं हुए, इसलिए इनका झूठ पकड़ा जा रहा है और लोगों को भी विश्वास नहीं हो रहा है। इनकी मातृ संस्था में ही अफवाह फैलाने की ट्रेनिंग दी जाती है लेकिन, इनका सही तरीके से ट्रेनिंग नहीं हुआ है। आरक्षण पर भाजपा नेताओं के मुंह में दही जम गया है और रासुका पर झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, गुजरात मॉडल में गरीब और गरीब होता जा रहा है लेकिन, छत्तीसगढ़ मॉडल में हम गरीब, किसान, मजदूर को पैसा दे रहे हैं, जिससे लोगों को लाभ हो रहा है। बिलासपुर के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में भेंट मुलाकात कार्यक्रम और अफसरों की बैठक के बाद खपरी रेस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आरक्षण को लेकर भाजपा के छोटे से लेकर बड़े नेता बयान नहीं दे रहे हैं। यहां तक आरक्षण बिल में राज्यपाल हस्ताक्षर करें, यह अपील भी नहीं कर रहे हैं। और बात कर रहे हैं राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) का। उन्होंने रासुका पर भाजपा के बयानबाजी का जवाब देते हुए कहा कि रासुका राज्य सरकार ने नहीं बनाया है। राज्य सरकार को राष्ट्रीय कानून बनाने का अधिकार ही नहीं है और लोकसभा में पारित कानून पर बयानबाजी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपाई झूठ बोलने की बजाए जनता की आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते रमन सिंह ने 10 बार रासुका लागू किया, तब उन्हें तकलीफ नहीं हुई। इस कानून को हर तीन महीने में रिनुअल होना है, जिसमें उन्हें दिक्कत हो रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा नेता कह रहे हैं कि धान खरीदी के लिए केंद्र सरकार पैसा देती है। उन्हें आंकड़ा भी मालूम है और 90% पैसा देने की बात कहती है। भाजपाई बताए कि केंद्र सरकार ने कब-कब कितना पैसा दिया है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार धान खरीदी के लिए पैसा देती है, तब भाजपा की सरकार रहते प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कितने पर बार धन्यवाद दिए हैं कि आपने पैसा दिया है तो हमने धान खरीदी की है। दरअसल, भाजपाईयों लगातार झूठ बोल रहे हैं, जिस पर लोगों को भरोसा भी नहीं हो रहा है। रासुका, धर्मांतरण सहित सभी मामलों में भाजपाई केवल झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण रमन सिंह के कार्यकाल में हुआ है और सबसे ज्यादा चर्च भी बना है। उन्होंने कहा कि भाजपाईयों के लिए बहत सारे मुहावरे है, जैसे मुंह में राम बगल में छुरी, रंगा सियार, पेट में छुरा घोंपना, मुंह में दही जम जाना। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल अफवाह फैला रही है और झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अफवाह फैलाने और झूठ बोलने के बजाए सही तरीके से काम करे, तो जनता इन पर विश्वास करेगी, अगर झूठ फैलाएगी तो जनता बार-बार धोखा नहीं खाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश में दो मॉडल की चर्चा हो रही है। पहली गुजरात मॉडल है, जिसे हम सबने देखा है और भोगा है। साथ ही मंदी भी देखा है। पिछले 8-9 साल से गुजरात मॉडल के नाम से भाजपा ने 2014 और 2019 के चुनाव में जीत दर्ज की। लेकिन, गुजरात मॉडल में अमीरों के लिए था। रही बात छत्तीसगढ़ मॉडल की तो छत्तीसगढ़ मॉडल में मंदी नहीं है। बल्कि, यह गांव के गरीब, किसान, मजदूरों की आय का साधन जुटाने का प्रयास करना छत्तीसगढ़ मॉडल है।

Exit mobile version