छत्तीसगढ़ में एसआईआरकी घोषणा पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, बोले- ‘यहां कितने पाकिस्तानी हैं गृह मंत्रालय नहीं बता पाया…’

रायपुर : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने 27 अक्टूबर को विशेष इंटेंसिव रिवीजन(SIR) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने बताया कि बिहार में एसआईआर सफल रहा. इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि देश के 12 राज्यों-केंद्र शासित प्रदशों में दूसरे फेज का SIR शुरू होगा. इन 12 राज्यों में छत्तीसगढ़ भी शामिल है. राज्य में एसआईआर की घोषणा पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि यहां कितने पाकिस्तानी हैं यह गृह मंत्रालय नहीं बता पाया. छत्तीसगढ़ की सरकार पाकिस्तान को आईडेंटिफाई नहीं कर पाई.

छत्तीसगढ़ में एसआईआर की घोषणा पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में एसआईआर की घोषणा को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा- ‘छत्तीसगढ़ में एसआईआर की घोषणा हो गई लेकिन चुनाव आयोग को बताना चाहिए कि बिहार में कितने बांग्लादेशी पहचाने गए और कितने लोग बाहर हो गए. एसआईआर से ये लोग विदेशी नागरिक भगाने की बात कर रहे हैं. यहां भी पाकिस्तानी बहुत हैं. अभी तक गृह मंत्रालय यह नहीं बता पाया है कि यहां कितने पाकिस्तानी हैं. छत्तीसगढ़ की सरकार यहां पाकिस्तान नागरिकों को आइडेंटिफाई नहीं कर पाई है.’

पीएम मोदी के दौरे पर कसा तंज

इसके अलावा भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे पर तंज कसा है. उन्होंने कहा- ‘गृह मंत्री इतनी बार छत्तीसगढ़ आए प्रदेश को क्या मिला. प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. छत्तीसगढ़ में मनरेगा बंद है, जल जीवन मिशन बंद है. पंचायत को 15 वित्त का पैसा नहीं मिला है. छत्तीसगढ़ का जितना अधिकार है उतना तो दे दें पहले. प्रधानमंत्री से उम्मीद हैं कि सड़कें खराब हैं उसको ठीक करने की बात करें.’

वायरल पोस्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री का बयान

इस दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने  ‘भूपेश है तो भरोसा है’ नाम के फेसबुक पेज से वायरल पोस्ट पर भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा- ‘दो मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व की तुलना नहीं होनी चाहिए. उनके कार्यों की तुलना होनी चाहिए. जाति सूचक मुहावरे बहुत गलत बात है. जाति सूचक मुहावरे को अब समाज पसंद नहीं करती. फिल्मी गीत पर जिन्होंने पिक्चराइज किया है वह बंद होनी चाहिए. हमारी टीम ने यह पोस्ट नहीं किया है. इसका मैं विरोध करता हूं. बिल्कुल गलत बात है. इस तरीके का पोस्ट नहीं होना चाहिए.’

छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा खंडित करने का मामला

वहीं, रायपुर के वीआईपी चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित करने के मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा- ‘छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को तोड़ने वाले अपराधी पकड़े जाएं. कौन हैं, जो छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ रहा है. उसकी हिम्मत कैसे हो रही है इतना बड़ा दुस्साहस करने की. उसको पकड़ कर दंडित किया जाना चाहिए.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds