बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक बार फिर भालू के हमले की घटना सामने आई है। मामला बार नवापारा क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे ग्राम रवान का है।
जानकारी के अनुसार, रवान निवासी बैसाखू पिता धनेश यादव रविवार दोपहर रोज की तरह अपने खेत की रखवाली करने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम के समीप झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में बैसाखू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। लगातार हो रहे भालुओं के हमले से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब न केवल जंगल बल्कि खेत-खलिहान जाने से भी डर रहे हैं।
वन विभाग ने इलाके में जारी किया अलर्ट
गौरतलब है कि, इससे पहले भी रवान, मोहदा और कौहाबहरा गांवों में कई ग्रामीण भालू के हमले का शिकार हो चुके हैं. जिनका अभी भी इलाज जारी है। बढ़ते घटनाक्रम को देखते हुए वन विभाग ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।