बालोद की बेटी हिमांशी साहू ने रचा इतिहास, इसरो के ‘यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम’ के लिए हुआ सिलेक्शन

बालोद : जिले के स्वामी आत्मानंद विद्यालय कन्नेवाड़ा की कक्षा 9वीं की छात्रा हिमांशी साहू ने इतिहास रच दिया है. हिमांशी का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित ‘यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम (युविका)’ के लिए हुआ है.  इस प्रोग्राम में सलेक्ट होकर हिमांशी ने जिले और राज्य का मान बढ़ाया है. वहीं बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने हिमांशी को सम्मानित भी किया.

बालोद कलेक्टर ने हिमांशी को किया सम्मानित

कलेक्टर ने सोमवार को बालोद के संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान हिमांशी साहू की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की सराहना की और उनकी इस उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गौरव बताया. इस अवसर पर कलेक्टर ने हिमांशी साहू को प्रशस्ति पत्र के अलावा शाॅल, श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया.

हिमांशी ने प्रदेश का नाम किया रोशन

इस उपलब्धि के साथ हिमांशी ने न सिर्फ अपने स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है बल्कि पूरे जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है. हिमांशी ने इस प्रोग्राम के लिए ओलंपियाड परीक्षा के माध्यम से आवेदन किया था. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उनका चयन होना उनकी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है. खास बात यह है कि लगभग साढ़े पांच लाख छात्रों में से हिमांशी ने छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया है जबकि ऑल इंडिया रैंक में वह 112वें स्थान पर रही हैं.

वहीं पढ़ाई के साथ-साथ हिमांशी खेलकूद में भी सक्रिय हैं. ताइक्वॉंडो में स्टेट लेवल उपलब्धि और स्काउट गाइड और रेड क्रॉस के प्रमाण पत्र उनके व्यक्तित्व को और मजबूत बनाते हैं. यही बहुमुखी प्रतिभा उनके चयन में अहम भूमिका निभाने वाली रही.

इसरो का यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम (YUVIKA)

इसरो का ‘युवा विज्ञानी कार्यक्रम’ (YUVIKA) 2026, 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए दो सप्ताह का पूर्णतः वित्तपोषित आवासीय ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम है. इसका उद्देश्य युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी से रूबरू कराना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds