Baloda Bazar में शपथ ग्रहण पर संग्राम, अलग-अलग समारोह में हुई पार्षदों की शपथ

Baloda Bazar। शनिवार को बलौदाबाजार नगर में राजनीतिक गहमागहमी चरम पर रही। एक तरफ भाजपा कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद को लेकर जमकर हंगामा हुआ, तो दूसरी ओर नगरपालिका शपथ ग्रहण समारोह विवादों में घिर गया। आमंत्रण पत्र में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नाम न होने से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने अलग से शपथ ग्रहण किया।
ट्रिपल इंजन सरकार, विकास के दावे
नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि नगर की जनता पहले दो बार उन्हें और एक बार उनकी दिवंगत पत्नी अंजु जैन को नेतृत्व सौंप चुकी है। अब चौथी बार उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार के बाद अब नगर पालिका में भी भाजपा की जीत हुई है, जिससे “ट्रिपल इंजन” सरकार बनी है, और विकास कार्य तेज गति से होंगे।
दो स्थानों पर अलग-अलग शपथ ग्रहण
बलौदाबाजार नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक खींचतान साफ नजर आई। भाजपा के विजयी पार्षदों का शपथ ग्रहण जिला ऑडिटोरियम में हुआ, जिसमें प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
वहीं, कांग्रेस पार्षदों ने विरोध स्वरूप नगर पालिका के सभाकक्ष में शपथ ली। इस दौरान पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश यदु और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश ठाकुर उपस्थित रहे।
कांग्रेस का आरोप: भाजपा के इशारे पर प्रशासन ने किया भेदभाव
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आमंत्रण पत्र में उनके वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल नहीं किए गए, जिससे उन्हें अलग से शपथ ग्रहण करने का निर्णय लेना पड़ा। कांग्रेस ने प्रशासन पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया और कलेक्टर से अलग से शपथ ग्रहण समारोह कराने की मांग की, जिसे स्वीकार कर नगर पालिका सभाकक्ष में कांग्रेस पार्षदों के लिए समारोह आयोजित किया गया।
भाजपा-कांग्रेस में तीखी बयानबाजी
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के बाद अब बलौदाबाजार में ट्रिपल इंजन सरकार बनी है, जिससे नगर का विकास तेजी से होगा। कांग्रेस के विरोध पर उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण प्रशासनिक आयोजन था, जिसमें सभी को आना चाहिए था।
कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने नगर की स्वस्थ परंपरा को दूषित करने की कोशिश की है। उन्होंने कलेक्टर दीपक सोनी का आभार जताते हुए कहा कि अगर नगर विकास में अनियमितता होगी, तो कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।