Site icon khabriram

बहुजन समाज पार्टी व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे) के उम्मीदवार तय करेंगे कांग्रेस व भाजपा की जीत

bsp-jogi congress

बिलासपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ की 38 में से 24 विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस व भाजपा उम्मीदवार त्रिकोणीय मुकाबले में फंस गए हैं। दोनों दलों में तकरीबन आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में बगावत का असर भी दिखाई दे रहा है। इसके अलावा बसपा व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों की चुनौती भी सामने। यह भी तय है कि बसपा और जकांछ के उम्मीदवार कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय करेंगे। बिलासपुर संभाग के कोरबा जिले के पाली तानाखार और कटघोरा के अलावा सरगुजा संभाग के भरतपुर सोनहत बैकुंठपुर व प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की प्रभावी मौजूदगी अब भी है। क्षेत्रीय दलों की उपस्थिति के चलते मुकाबला रोचक होगा और यही जीत के रास्ते भी तय करेंगे।

बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 24 विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सीटों पर बसपा, जकांछ व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रभाव भी है। सरगुजा संभाग के 14 सीटों में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी व जकांछ के अलावा दोनों ही दलों के उम्मीदवारों को अपनों की चुनौती और नाराजगी का भी सामना करना पड़ेगा। बिलासपुर संभाग के 24 सीटों पर नजर डालें तो बिलासपुर जिले की छह सीटों में से बिल्हा,बेलतरा व कोटा में त्रिकोणीय तो मस्तूरी में चौतरफा मुकाबला दिखाई दे रहा है। यहां बसपा और जकांछ की उपस्थिति भी प्रभावी मानी जा रही है। बसपा के अपने परंपरागत मतदाताओं के अलावा जकांछ के भी वोट बैंक से इन्कार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस के पूर्व विधायक दिलीप लहरिया और भाजपा के उम्मीदवार डा कृष्णमूर्ति बांधी को तीन स्तर पर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। कोटा विधानसभा क्षेत्र में भी रोचक स्थिति बनने लगी है। विधायक डा रेणु जोगी की चुनौतियों से पार पाना कांग्रेस के अटल श्रीवास्तव व भाजपा के प्रबल प्रताप सिंहजूदेव के लिए चुनौती से कम नहीं है। मुंगेली जिले की लोरमी सीट में दिलचस्प स्थिति बनने लगी है। मुंगेली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सागर सिंह बैस ने पार्टी से त्यागपत्र देकर जकांछ की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

जकांछ ने उम्मीदवारी की घोषणा भी कर दी है। जांजगीर व रायगढ जिले में बसपा, कोरबा में गोंडवाना का क्षेत्र विशेष में प्रभाव है। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस व भाजपा को अपनों से ही जूझना पड़ रहा है। दोनों ही दलों में बागी उम्मीदवार ताल ठोंक रहे हैं। इसके अलावा बसपा और जकांछ की चुनौती भी सामने रहेगी। भाजपा की जिला पंचायत सदस्य गोपिका गुप्ता,जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष शंकर अग्रवाल,जकांछ से पूर्व महापौर मधु बाई किन्नर और आप से गोपाल बापोडि़या चुनाव मैदान में है।

धरमजयगढ़ से बसपा से सत्यवती राठिया के चलते त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनने लगी है। लैलुंगा विधानसभा सीट में कांग्रेस के पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह की बगावत और बसपा के श्रवण कुमार मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। खरसिया और सारंगढ़ में मुकाबला सीधा है।

यहां चतुष्कोणीय मुकाबले की संभावना

जांजगीर विधानसभा- भाजपा नारायण चंदेल,कांग्रेस ब्यास कश्यप,जकांछ रिवंद्र द्विवेदी व बसपा से राधेश्याम सूर्यवंशी

अकलतरा विधानसभा

भाजपा सौरभ सिंह,कांग्रेस से राधवेंद्र सिंह,जकांछ से ऋचा जोगी,बसपा से डा विनोद शर्मा

पामगढ़ विधानसभा

कांग्रेस-शेषराज हरबंस,भाजपा-संतोष लहरे, बसपा से इंदु बंजारे विधायक, गोरेलाल बर्मन ने कांग्रेस से त्यागपत्र देकर जकांछ की सदस्यता ग्रहण कर ली है। जकांछ से उनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही है।

चंद्रपुर विधानसभा

कांग्रेस-रामकुमार यादव विधायक,भाजपा-संयोगिता सिंहजूदेव

बसपा गोंगपा गठबंधन, बसपा सेलालसाय खूंटे पूर्व विधायक मालखरौदा

गोंगपा के प्रभाव के चलते यहां बनेगी त्रिकोणीय स्थिति

भरतपुर सोनहत बैकुंठपुर व प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का अच्छा खासा जनाधार के साथ ही परंपरागत वोट बैंक भी है। गोंगपा के उम्मीदवार की मौजूदगी के चलते मुकाबला रोचक होगा। प्रतापपुर और सामरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार को अपनों से चुनौती मिलेगी।

Exit mobile version