लाल सिंह चड्डा की विफलता पर अतुल कुलकर्णी ने दी प्रतिक्रिया, कही यह बात

मुंबई : अतुल कुलकर्णी इंडस्ट्री के शानदार एक्टर्स में शुमार हैं। उन्होंने ‘रंग दे बसंती’, ‘चांदनी बार’ और ‘हे राम’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। कई वर्षों तक अपने अभिनय का जादू बिखेरने वाले अतुल ने फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के जरिए स्क्रिप्ट लेखन में हाथ आजमाया। यह फिल्म हॉलीवुड फिल्म ‘फॉरेस्ट गंप’ की रीमेक थी। आमिर खान और करीना कपूर जैसे सितारे होने के बावजूद फिल्म खास कमाल नहीं दिखा सकी। इस पर हाल ही में अतुल कुलकर्णी ने चुप्पी तोड़ी है।
जोरों पर चल रहा था बॉलीवुड बायकॉट ट्रेंड
जिस वक्त फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ रिलीज हुई उसी दौरान सोशल मीडिया पर बॉलीवुड बायकॉट ट्रेंड जोरों पर चल रहा था। इसका असर इस फिल्म पर पड़ता नजर आया। हाल ही में एक बातचीत के दौरान अतुल से जब इतने बड़े प्रोजेक्ट के फेलियर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने तुरंत कहा, ‘मैं काफी लंबे वक्त से इंडस्ट्री में हूं और इस तरह की चीजों का अनुभव किया है।’
अतुल कुलकर्णा ने आगे कहा, ‘हर बार जब आप कोई प्रोजेक्ट शुरू करते हैं, तो सोचते हैं कि लोग इसे पसंद करेंगे। कई बार ऐसा होता है और कई बार ऐसा नहीं हो पाता है। ऐसे में आप इस पेशे का रवैया नहीं बदल सकते हैं।’
किसी को क्या करना है, यह दूसरे तय नहीं करें
अतुल कुलकर्णी ने बातचीत के दौरान इंडस्ट्री में चले बॉलीवुड बायकॉट ट्रेंड को भी खारिज किया और कहा, ‘मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से दर्शकों पर छोड़ देना चाहिए कि वे कुछ देखना चाहते हैं या नहीं, चाहे वह फिल्म हो या पेंटिंग। किसी को भी यह तय नहीं करना चाहिए कि क्या देखना है। किसी को क्या करना है, यह दूसरे तय नहीं करें।’
अतुल कुलकर्णी ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि आप किसी भी तरह से राजनीति को नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘आप जिंदगी में जो भी करते हैं, उसके मूल में राजनीति होती है, जो आपके लिए मायने रखती है।’ वर्क फ्रंट की बात करों तो अतुल जल्द ही वेब सीरीज ‘सिटी ऑफ ड्रीम्स’ के तीसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में इसका एलान हुआ है।