खैरागढ़. फिल्मी अंदाज़ में एटीएम मशीन तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश करने वाला आरोपी हकीकत की जमीन पर ज्यादा देर टिक नहीं पाया. ‘रातों-रात अमीर बनने’ का उसका प्लान कुछ ही घंटों में पुलिस की कार्रवाई के सामने धराशायी हो गया. 14 अप्रैल को उदयपुर स्थित एटीएम में तोड़फोड़ की घटना सामने आई. मशीन की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने जब एटीएम बंद देखा तो अंदर का मंजर चौंकाने वाला था.
मशीन के साथ लॉबी में छेड़छाड़ और तोड़ फोड़ हुई थी, साफ था कि किसी ने पूरी तैयारी के साथ ‘कैश लूटने’ की कोशिश की, लेकिन तकनीक और सुरक्षा के आगे उसकी चाल नहीं चल पाई. मामले की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अपराध दर्ज किया और तुरंत जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों जैसे आसपास की गतिविधियों, संदिग्ध मूवमेंट और मुखबिर नेटवर्क का सहारा लिया. इसी दौरान एक अहम सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस को देखकर असामान्य तरीके से बचने की कोशिश कर रहा है. बस फिर क्या था, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में आरोपी चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर ने एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करना स्वीकार कर लिया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.