क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले पुल पर एक बार फिर हमला, दो की मौत, मॉस्को ने यूक्रेन पर लगाया आरोप

कीव/मॉस्को : विस्फोट की खबरों के बीच क्रीमिया को रूस की मुख्यभूमि से जोड़ने वाले अहम पुल पर यातायात रोक दिया गया है। रूस में क्रास्नोदार क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पुल पर हुए अज्ञात हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक बच्ची घायल हो गई। क्रास्नोदार पुल के पूर्वी छोर पर स्थित है। क्रीमिया के गवर्नर ने पुल को बंद किए जाने की सोमवार को घोषणा की, लेकिन इसका कारण नहीं बताया। रूस ने 2014 में क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने तड़के कई विस्फोट की आवाज सुनी, लेकिन इस संबंध में अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुल को हुए नुकसान के संबंध में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन गवर्नर सर्गेई अक्सियोनोव ने कहा कि उन्हें पुल पर रेल यातायात के कुछ घंटों में बहाल हो जाने की उम्मीद है। रूस और क्रीमिया प्रायद्वीप को जोड़ने वाले 19 किलोमीटर लंबे इस पुल को 2018 में खोला गया था।

यूक्रेन पर लगाया हमले का आरोप

यह पुल पिछले साल अक्टूबर में एक ट्रक में रखे बम में विस्फोट के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था और इसकी मरम्मत में महीनों लग गए थे। इस पुल पर सड़क और रेल यातायात, दोनों का आवागमन होता है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने यूक्रेन पर ब्रिटेन और अमेरिका के साथ मिलकर पुल पर हमले को अंजाम देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘क्रीमियन ब्रिज पर आज का हमला कीव शासन की ओर से किया गया था। यह एक आतंकवादी शासन है और इसमें एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोह के सभी गुण हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds