विधानसभा : सदन में गूंजा अवैध प्लाटिंग और कालोनियों का मामला, विपक्ष ने लगाया सरकारी संरक्षण का आरोप

रायपुर : धमतरी और कांकेर जिले में चल रही अवैध प्लाटिंग का मामला सदन में जोर शोर से गूंजा। विपक्षी सदस्यों ने अवैध कालोनाइजरों को सरकारी संरक्षण होने का आरोप लगाया। इसकी जांच विधानसभा की कमेटी से कराने की मांग की। इसके लिए सरकार राजी नहीं हुई जिससे नाराज होकर विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का वॉकआउट कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के सदस्य अंबिका मरकाम ने वर्ष 2024 से 31 जनवरी 2026 तक कांकेर और धमतरी जिले में हुए अवैध प्लाटिंग और कॉलोनियों की जानकारी मांगी। साथ ही कितने मामलों में क्या कार्रवाई की गई है इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन है और उन पर विभाग ने क्या एक्शन लिया है। चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने सरकार के संरक्षण में चल रहे इस अनैतिक कार्यों की जांच विधानसभा की कमेटी से कराने की मांग की।
इस पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने स्वीकार किया कि इन दोनों जिलों में अवैध प्लाटिंग की शिकायतें मिली है जिसकी जांच हमारा राजस्व अमला कर रहा है इसमें जो भी दोषी मिलेगा उन पर कार्रवाई की जाएगी। विपक्ष विभागीय मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वॉकआउट कर सदन से बाहर निकल गए।