शराब घोटाले के पैसों का खुलासा कल कोर्ट में करेंगे अरविंद केजरीवाल, पत्नी सुनीता का दावा

नईदिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ईडी की हिरासत में हैं। आम आदमी पार्टी के दावा है कि केजरीवाल सीएम पद नहीं छोडे़ंगे और जेल से ही सरकार चलाएंगे। इस बीच अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने आज बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया है। बता दें कि सुनीता, अरविंद केजरीवाल से मिलने ईडी के ऑफिस भी गई थीं। आइए जानते हैं उन्होंने आज क्या कहा है।

कल करेंगे घोटाले के पैसों का खुलासा
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि ईडी शराब घोटाले का पैसा ढूंढ रही है लेकिन एक भी पैसा नहीं मिला। इन पैसों के लिए सिसोदिया समेत विभिन्न नेताओं के घर रेड हुई। केजरीवाल के घर पर भी रेड की गई। अब सुनीता केजरीवाल ने दावा किया है कि अरविंद दिल्ली शराब घोटाले के पैसों का खुलासा 28 मार्च को कोर्ट में करेंगे। ये जानकारी खुद अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी को दी है।

केजरीवाल को डायबिटीज है- सुनीता
सुनीता केजरीवाल ने कहा है कि मंगलवार की शाम वह अरविंद केजरीवाल से मिलने गई थीं। केजरीवाल को डायबिटीज है और उनका शुगर लेवल ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 2 साल में ईडी ने 250 से ज्यादा रेड की है। वो पैसा ढूंढ़ रहे हैं लेकिन अभी तक एक पैसा नहीं मिला। हमारे घर रेड में मात्र 70 हजार रुपये मिले। केजरीवाल देश को बताएंगे की ये पैसा कहां है और इसका सबूत भी देंगे।

हिरासत से निर्देश दे रहे केजरीवाल
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा था कि केजरीवाल ने उन्हें ईडी की हिरासत से निर्देश भेजा है। आतिशी ने कहा था कि केजरीवाल ने ED की कस्टडी में रहने के बावजूद निर्देश भेजे हैं। जिसमें कहा गया है कि दिल्लीवालों को पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। वहीं, मंगलवार को सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उन्हें केजरीवाल ने जेल से निर्देश देते हुए दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds