आरंग विधानसभा : भाजपा ने खुशवंत साहेब तो कांग्रेस ने विधायक शिव कुमार डहरिया के बीच होगी भिडंत

रायपुर : प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2023 का शंखनाद हो चुका है। आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है। आरंग विधानसभा सीट के भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी अपना प्रत्याशी तय कर दिया है। भाजपा ने युवा पर तो कांग्रेस ने अनुभव पर दांव लगाया है। कांग्रेस ने वर्तमान विधायक शिव कुमार डहरिया (59) को टिकट दिया है। भाजपा पहले ही सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के 29 वर्षीय बेटे खुशवंत साहेब को टिकट दे चुकी है।

इस सीट की खासियत यह रही है कि राज्य बनने के बाद यहां से कोई भी दोबारा विधायक चुनकर नहीं आया है। आरंग विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हर बार नए चेहरे को मौका दिया है। यह सीट 2008 में रायपुर टाउन विधानसभा क्षेत्र के ध्वस्त होने के बाद बनी। सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। जोगी सरकार के समय भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले आरंग विधायक गंगूराम बघेल मंत्री बने थे, लेकिन अगले चुनाव में मतदाताओं ने उन्हें नकार दिया। आरंग से गंगूराम वर्ष-1993 और 1998 में दो बार विधायक चुने गए थे। वर्ष- 2003 में भाजपा के संजय ढीढी ने गंगूराम को हराया था। वर्ष- 2008 में कांग्रेस से गुरु रुद्र कुमार जीते थे। इसके बाद वर्ष-2013 विधानभा चुनाव में भाजपा के नवीन मारकंडेय ने जीत दर्ज की थी। वर्ष- 2018 में आरंग विधानसभा से भाजपा ने संजय ढीढी को चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन उन्हें शिवकुमार डहरिया से हार का सामना करना पड़ा।

तय माना जा रहा था टिकट

आरंग विधानसभा से शिव कुमार डहरिया का टिकट तय माना जा रहा था, जिस पर अब मुहर भी लग गई है। बताया जाता है कि जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस समिति को टिकट के लिए एकल नाम भेजा था। कांग्रेस की सर्वे सूची में भी शिव डहरिया की परफार्मेंस बेहतर मिली थी।

साफ-सफाई, रोजगार और पेयजल बड़ा मुद्दा

आरंग विधानसभा क्षेत्र में आज भी साफ-सफाई बड़ा मुद्दा है। संकरी गलियों का विकास, आवास, पेयजल की समस्या भी बनी हुई है। सब्जी बाजार की व्यवस्था भी नहीं है, जो लोगों के लिए परेशानी का सबब है। अच्छी शिक्षा और रोजगार का मुद्दा भी छाया हुआ है।

एक नजर में चुनाव

2018 विधानसभा चुनाव, एससी सीट

शिव कुमार डहरिया, कांग्रेस, कुल वोट मिले 69,900

संजय ढीढी, भाजपा, कुल वोट मिले 44,823

2013 विधानसभा चुनाव, एससी सीट

नवीन मारकंडेय, भाजपा, कुल वोट मिले 59,067

रूद्र कुमार गुरु, कांग्रेस, कुल वोट मिले 45,293

2008 विधानसभा चुनाव, एससी सीट

रूद्र कुमार गुरु, कांग्रेस, कुल वोट मिले 34,655

संजय ढीढी, भाजपा, कुल वोट मिले 33,318

2003 विधानसभा चुनाव, एससी सीट

संजय ढीढी, भाजपा, कुल वोट मिले 48,556

गंगू राम बघेल, कांग्रेस, कुल वोट मिले 30,112

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds