बुर्ज खलीफा के अलावा अब दुबई में होगा एक और ‘अजूबा’, बनाई जाएगी दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची बिल्डिंग

दुबई : दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा है जो दुबई में मौजूद है। इसकी ऊंचाई 828 मीटर है, जिसे दुनिया भर से लोग देखने के लिए जाते हैं। लेकिन दुबई में जल्द ही एक और चौंका देने वाली गगनचुंबी इमारत खड़ी होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी बिल्डिंग होगी। दुबई के अजीजी डेवलपमेंट के सीईओ फरहाद अजीजी ने ट्वीट कर इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘यह ऑफिशियल है। हम दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची इमारत बना रहे हैं।’

कहां बनाया जाएगा टॉवर

उन्होंने आगे लिखा, ‘मेरे पिता मीरवाइज अजीजी को हाल ही में बीबीसी पर्सिया पर आने के लिए आमंत्रित किया गया था। जहां उन्होंने दुबई में एक नया टावर बनाने की हमारी योजना का खुलासा किया जो गगनचुंबी इमारतों और बुर्ज खलीफा के साथ आसमान साझा करेगा।’ उन्होंने नए टॉवर के नाम, उसकी ऊंचाई और यूनिट का जिक्र नहीं किया। खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले उन्होंने कहा था कि टॉवर शेख जायद रोड पर एक प्रमुख स्थान बनेगा।

​पिछले साल हुआ था खुलासा

उन्होंने आगे बताया, ‘जहां तक नए टॉवर के नाम की बात है तो यह अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन यह अजीजी डेवलपमेंट ब्रांड का प्रतिनिधित्व करेगा। खास तौर से अफगानिस्तान में हमारी उत्पत्ति की और जब मेरे पिता ने 1989 में 500 डॉलर के साथ कंपनी की शुरुआत की थी।’ पिछले साल नवंबर में सिटीस्केप दुबई में बुर्ज खलीफा की तर्ज पर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टावर बनाने की योजना का खुलासा किया गया था।

​दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची बिल्डिंग

इस समय दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची इमारत ‘मर्डेका 118’ है जो मलेशिया के कुआलालंपुर में है। इसकी ऊंचाई 678.9 मीटर है। वहीं तीसरे नंबर पर चीन का शंघाई टॉवर है, जिसकी ऊंचाई 632 मीटर है। अजीजी डेवलपमेंट की बात करें तो यह दुबई की एक बड़ी रियल एस्टेट कंपनी है, जिसके वर्तमान में लगभग 100 प्रोजेक्ट चल रहे हैं।

​दुनिया की 7 सबसे ऊंची इमारतें

दुनिया की सबसे ऊंची इमारतों की बात करें तो इसमें सबसे ऊपर दुबई का बुर्ज खलीफा है जिसकी ऊंचाई 828 मीटर है। दूसरे नंबर पर मलेशिया की मर्डेका 118 (679 मीटर), तीसरे पर चीन का शंघाई टॉवर (632 मीटर), चौथे पर सऊदी अरब का अबराज अल बैत क्लॉक टॉवर (601 मीटर) और पांचवें नंबर पर चीन का पिंग फाइनेंस सेंटर (599) मीटर है। दक्षिण कोरिया का लोट्टे वर्ल्ड टॉर 555 मीटर की ऊंचाई के साथ छठे नंबर पर है, वहीं, अमेरिका का वर्ल्ड ट्रेड सेंटर 541 मीटर के साथ सातवें नंबर पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds