गाजा युद्ध के बीच ईरान ने दिखाया नया ब्रह्मास्‍त्र, हाइपरसोनिक मिसाइल ने अमेरिका-इजरायल के उड़ाए होश

तेहरान: ईरान ने अपनी हाइपरसोनिक मिसाइल तैयार की है। रविवार को सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खुमैनी के सामने इस मिसाइल का अनावरण किया गया। जिसे ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने घरेलू स्तर पर विकसित किया है। इजरायल और अमेरिका पर हमलावर रहने वाले ईरान की ओर से कहा गया है कि ये दोनों देशों के मिसाइल सिस्टम से भी एडवांस तकनीक है। इस हाइपरसोनिक मिसाइल से ईरान की फौज इजराइल को भी अपनी जद में ले सकती है। ऐसे में इजरायल के रक्षा विशेषज्ञों ने इस पर चिंता जताई है।

इजरायल के अखबार यरुशमल पोस्ट ने ईरान की नई हाइपरसोनिक मिसाइल के बारे में जानकारी देते हुए लिखा है कि ये ईरान की ओर से अमेरिका और इजरायल को एक नई धमकी है। ईरान का दावा है कि उसकी ये मिसाइल इजरायल और अमेरिका दोनों देशों की सबसे एडवांस एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम को बायपास करने की क्षमता रखती है। ऐसे में ईरान की ये नई मिसाइल इजरायल के लिए चिंता का सबब है।

ईरान की मिसाइल में क्या है खास

ईरान ने अपनी नई हाइपरसोनिक मिसाइल के बारे में जो जानकारी दी है, उसके अनुसार फतह-2 नाम की ये मिसाइल हाइपरसोनिक ग्लाइड वाहन (एचजीवी) वारहेड से सुसज्जित है। इसमें ठोस ईंधन पर चलने वाला एक गोलाकार इंजन और गतिशील नोजल हैं, जो मिसाइल को पृथ्वी के वायुमंडल के अंदर और बाहर सभी दिशाओं में युद्धाभ्यास की अनुमति देते हैं। ये हाइपरसोनिक गति से ग्लाइड कर सकती है। फतह मिसाइल 13 मैक (16,000 किमी/घंटा) के वेग के साथ 1,400 किमी की सीमा के भीतर लक्ष्य को मार सकती है। फतह दो चरण वाली मिसाइल है। ईरान ने जून में फतह-1 मिसाइल का अनावरण किया था।

ईरान बीते कुछ सालों में अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है। कुछ समय पहले ईरान ने परमाणु हथियार ले जाने वाले इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। इसके बाद ईरान ने हाइपरसोनिक मिसाइल भी बना ली है। जिसे इजराइल और अमेरिका बड़ा खतरा मान रहे हैं। मिसाइल और दूसरे हथियारों का जायजा लेने के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला खुमैनी के निशाने पर भी इजरायल और अमेरिका ही रहे। खुमैनी ने कहा कि इजरायल की सेना गाजा पट्टी में हार गई है, ये तथ्य अब छुपा हुआ नहीं है। इजरायल अब लोगों के घरों और अस्पतालों को रौंदकर सिर्फ अपनी खीज निकाल रहा है।

Back to top button

This will close in 20 seconds