बर्ड फ्लू के खतरे के बीच बड़ी लापरवाही, कलेक्टर के आदेश का फर्जी हवाला देकर धड़ल्ले से बिक रहा चिकन, प्रशासन पर उठ रहे सवाल

बिलासपुर : न्यायधानी के सिलपरी क्षेत्र से प्रशासन की नाक के नीचे सुरक्षा नियमों को ताक पर रखने वाली एक बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहाँ निर्मल पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे के बावजूद खुलेआम चिकन काटकर बेचा जा रहा है।

एक ओर जहाँ संक्रमण को रोकने के लिए पूरे शहर और ग्रामीण इलाकों की चिकन अंडा दुकानों पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है, वहीं इस फार्म में नियमों को दरकिनार कर हो रही बिक्री ने जनस्वास्थ्य को भारी संकट में डाल दिया है।

हैरत की बात यह है कि फार्म संचालक सरेआम यह दावा कर रहा है कि उसे स्वयं कलेक्टर के आदेश से बिक्री की विशेष अनुमति प्राप्त है, हालांकि इस संदिग्ध दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस केंद्र पर शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग चिकन खरीदने पहुँच रहे हैं, जिससे पूरे जिले में बर्ड फ्लू के फैलने का जोखिम कई गुना बढ़ गया है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इस पूरी गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे यह अंदेशा गहरा रहा है कि इस अवैध कारोबार को किसी रसूखदार का संरक्षण प्राप्त है। यदि समय रहते इस गंभीर लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल का यह उल्लंघन पूरे बिलासपुर के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य त्रासदी का कारण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds