हाई-वोल्टेज बिजली लाइन से टकराकर वायु सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, चालक दल के दो सदस्यों की मौत

काबुल : अफगानिस्तान के उत्तरी समंगन प्रांत में वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर गश्त के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई।
अफगान रक्षा विभाग ने इसकी पुष्टि की है। वायु सेना का एमडी-530 का हेलीकॉप्टर गश्ती पर था, तभी समांगन प्रांत के खुल्म जिले में सुबह एक हाई-वोल्टेज बिजली लाइन से टकराकर क्रैश हो गया। इस हादसे में दो पायलट शहीद हो गए।
कई बार हो चुकी ऐसी घटनाएं
इससे पहले समंगन प्रांत में तालिबान के सूचना और संस्कृति विभाग के प्रमुख ने पत्रकारों को बताया था कि प्रांत के खुल्म जिले में एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह पहली बार नहीं है जब सैन्य हेलीकॉप्टर क्रेश होने से पायलटों की मौत हुई हो। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी है। अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से वायुसेना के कई हेलीकॉप्टर अज्ञात कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
तालिबान सरकार के पास कितने हेलिकॉप्टर?
तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 10 सितंबर, 2022 को काबुल में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान एक अमेरिकी निर्मित ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे कम से कम तीन अफगान चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई। यह ज्ञात नहीं है कि तालिबान सरकार के पास कितने अमेरिकी हेलिकॉप्टर बचे हैं। खामा प्रेस के अनुसार, पिछले साल अगस्त के मध्य में अमेरिका समर्थित अफगान सरकार के पतन के बाद, दर्जनों अफगान पायलट ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित मध्य एशियाई देशों में भाग गए।