बारिश पर ब्रेक के बाद फिर बढ़ेगा तापमान, वर्षा के लिए इतने दिन करना पड़ेगा इंतजार

रायपुर : मानसूनी तंत्र के प्रभाव से बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश पर ब्रेक लग गया है और अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि अब अगले सप्ताह से ही लगातार वर्षा के आसार बन रहे है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जुलाई में इस वर्ष भरपूर वर्षा की उम्मीद है। तीन दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इस वर्ष मानसून की लेतलतीफी के चलते प्रदेश में औसत से कम वर्षा हुई है। पिछले 30 वर्षों में यह पहली बार है कि जून में इतनी कम वर्षा हुई है।

गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान भी 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

प्रदेश भर में सक्ती सर्वाधिक गर्म रहा,यहां का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम राजस्थान से उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है। साथ ही बिजली भी गिर सकती है। अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

राजपुर 8 सेमी, गीतापुर-धरमजयगढ़ 7 सेमी, पौंडी-उपरोरा-वांड्रफनगर 5 सेमी वर्षा हुई। इन क्षेत्रों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds