लॉगिन

छत्तीसगढ़ में मतदाताओं को रिझाने घोषणापत्र जारी करने के बाद नई घोषणाओं का दौर, भाजपा-कांग्रेस ने किए ये नए वादे

Raipur November 15, 2023 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ में मतदाताओं को रिझाने घोषणापत्र जारी करने के बाद नई घोषणाओं का दौर, भाजपा-कांग्रेस ने किए ये नए वादे

छत्तीसगढ़ में मतदाताओं को रिझाने घोषणापत्र जारी करने के बाद नई घोषणाओं का दौर, भाजपा-कांग्रेस ने किए ये नए वादे

रायपुर : छत्तीसगढ़ में चुनावी समीकरण साधने के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही राजनीतिक दल घोषणापत्र जारी करने के बाद भी नई घोषणाएं करने में लगे हैं। भाजपा ने घोषणापत्र से अतिरिक्त राज्य के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान वेतन-भत्ता देने और पंचायतकर्मियों के नियमितीकरण की घोषणा की है। वहीं कांग्रेस ने सभी महिलाओं को 15,000 रुपये सालाना देने और रायगढ़ व कोरिया को नया संभाग बनाने की घोषणा की है। प्रदेश की शेष 70 सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है। 15 नवंबर को प्रचार थम जाएगा। ऐसे में संभव है कि दोनों ही राजनीतिक दल अभी और नई घोषणाएं कर सकते हैं।

महतारी वंदन योजना का कांग्रेस ने निकाला तोड़

महिला सशक्तीकरण के लिए भाजपा ने वादा किया है कि सरकार आते ही प्रदेश की 60 लाख से अधिक विवाहित महिलाओं को हर वर्ष 12 हजार रुपये देगी। इस पर भाजपा हर महीने 7,200 करोड़ रुपये खर्च करेगी। भाजपा इसे पूरे पांच साल चलाने का दावा कर रही है। इस घोषणा का तोड़ निकालने के लिए कांग्रेस ने भी दीपावली के मौके पर बड़ा दांव खेला।

घोषणा पत्र की प्रमुख घोषणाओं के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ऐलान किया कि अगर राज्य में कांग्रेस की सत्ता बरकरार रही तो ”छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना” की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं के खातों में प्रति वर्ष 15 हजार रुपये भेजे जाएंगे।

कांग्रेस का दावा- सभी महिलाओं को मिलेगा इसका फायदा

कांग्रेस का दावा है कि सभी महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा। प्रदेश में एक करोड़ दो लाख 39 हजार 410 महिला मतदाता हैं। अगर कांग्रेस सभी महिलाओं को इस योजना का लाभ देती है तो एक महीने में लगभग 1,535 करोड़ रुपये का भार आएगा।

छत्तीसगढ़ भाजपा घोषणापत्र समिति के संयोजक विजय बघेल ने कहा, पाटन में जामगांव आर को तहसील बनाने की बात की थी, अब संभाग बनाने की घोषणा कर रहे हैं। भाजपा के महतारी वंदन योजना की तर्ज पर गृह लक्ष्मी योजना लाए हैं जो कि पूरा नहीं कर पाएंगे। घोषणापत्र जारी करने के बाद घोषणा करना भूपेश सरकार की हार की बौखलाहट है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, विजय बघेल खुद चुनाव हार रहे हैं। कांग्रेस ने जितनी घोषणाएं की है वह अपने वित्तीय आकलन के आधार पर की है। हमने कर्ज माफी और महिलाओं को हर वर्ष 15 हजार रुपये देने का वादा किया है। उसे पूरा करेंगे। हमारी सभी घोषणाओं में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds