कोरोना के बाद अब इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर होगी चेकिंग, नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी

रायपुर : छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस ने बहुत तबाही मचाई थी. अब दुनिया भर में इबोला वायरस के कारण बीमारियां फैल रही है. इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है. इस वायरस के खतरे को देखते हुए संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ ने संक्रमण की रोकथाम को लेकर सभी अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं.
रोकथाम के लिए निर्देश जारी
इस वायरस की रोकथाम के लिए जारी किए गए निर्देशों के अनुसार रायपुर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की जांच बढ़ाने को कहा गया है. साथ ही ये भी कहा गया है कि यदि कोई संदिग्ध यात्री नजर आता है तो इसकी जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई जाए. एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम की ओर से जारी निर्देश में रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एयरपोर्ट पर एक नोडल अधिकारी तैनात करने को कहा गया है.
एयरपोर्ट पर तैनात होंगे नोडल अधिकारी
ये नोडल अधिकारी एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच, सक्रीनिंग और संदिग्ध मामलों की मॉनिटरिंग का समन्वय करेगा. निर्देशों में कहा गया है कि विदेशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाए. इसके अलावा स्वास्थ्य अधिकारियों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरुकता बढ़ाने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने के भी आदेश दिए गए हैं.
गंभीर और जानलेवा संक्रमण
विशेषज्ञों के अनुसार इबोला वायरस एक गंभीर और जानलेवा संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकता है. ऐसे में समय रहते सतर्कता और निगरानी बेहद जरूरी मानी जा रही है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पहले ही इबोला को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर चुका है.