रायपुर : सरगुजा जिले में अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत कराए गए कार्यों की अब जांच होगी. छत्तीसगढ़ राजभवन ने इस संबंध में राज्य सरकार के खनिज विभाग के सचिव को पत्र लिखकर जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और उससे जुड़ी प्रक्रिया की भी जांच करने को कहा गया है. जांच के बाद पूरी रिपोर्ट राजभवन को सौंपनी होगी.
दरअसल, अंबिकापुर के सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद ने राजभवन को पत्र लिखकर अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत कराए जा रहे कार्यों की जांच की मांग की थी. अपनी शिकायत में उन्होंने कंपनी के सीएसआर कार्यों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए थे.
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कोयला खदानों से प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के नाम पर कागजों में खानापूर्ति की जा रही है. रोजगार के अलग-अलग अवसरों का दावा कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति दावों से अलग है. शिकायतकर्ता ने इन कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की थी.

तारा कोल ब्लॉक का मामला भी जांच के दायरे में
सीएसआर कार्यों के साथ ही तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और खनन प्रक्रिया को लेकर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं. आरोप है कि अडानी समूह से जुड़ी दूसरी कंपनी के माध्यम से यहां खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि संबंधित गांवों के लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं.
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी कोयला खदानों को लेकर विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं. स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया जाता रहा है कि नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी कर नए कोल ब्लॉक शुरू करने की तैयारी की जा रही है.
जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
राजभवन के अवर सचिव की ओर से खनिज विभाग के सचिव को जांच के निर्देश दिए जाने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच कब शुरू होती है और इसकी रिपोर्ट राजभवन को कब तक सौंपी जाती है. साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की कितनी गहराई से जांच होती है और उसके आधार पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर भी सबकी निगाहें रहेंगी.
सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद का कहना है कि उन्हें अब जांच शुरू होने का इंतजार है. यदि जांच नहीं होती या जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे. फिलहाल, राजभवन के निर्देश के बाद सीएसआर कार्यों और तारा कोल ब्लॉक से जुड़े मामलों की जांच को लेकर सरगुजा में चर्चा तेज हो गई है.