जांजगीर चांम्पा : जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सहयोगी महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दरअसल, बलौदा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के गुम होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बालिका की पतासाजी शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में थाना स्तर पर टीम गठित की गई और लगातार तलाश की जा रही थी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बलौदा थाना क्षेत्र के आरोपी तामेश्वर पाटले को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग बालिका को शादी करने का झांसा देकर अपने साथ भगाकर ले जाने की बात स्वीकार की।
जांच के दौरान मामले में आरोपी की मां द्वारा भी सहयोग किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी तामेश्वर पाटले और उसकी मां को विधिवत गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।