पुलिस को चकमा देकर गांजा तस्करी का आरोपी फरार, एसपी ने एएसआई समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

धमतरी। सिहावा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मेडिकल मुलाहिजा में लाया गया आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। वहीं इस मामले में एसपी सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनचंद डहरिया समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
दरअसल नागपुर निवासी पलाश गजभिए को कुछ दिनों पहले पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालयीन प्रक्रिया के चलते मेडिकल मुलाहिजा के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था, जहां आरोपी मौका देखकर पुलिस के नाक के नीचे से भाग खड़ा हुआ। अब फरार आरोपी पुलिस के लिए चुनौती बन गया है और उसकी तलाश में महकमा जुट गया है।
आरोपी का इस तरह पुलिस के आंखों के सामने से भाग जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। विभाग की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिन्ह उठ रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। वहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने लापरवाही बरतने वाले एएसआई सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, हिमेश नेताम और डीगेश्वरी साहू को निलंबित कर दिया है।