heml

अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास: सिर्फ 28 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक, ध्वस्त हुए ये बड़े रिकॉर्ड्स

Abhishek Sharma : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भारत के स्टार युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मेघालय के खिलाफ सिर्फ 28 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। पंजाब से खेलते हुए अभिषेक ने अपने इस शतक के साथ टी20 प्रारूप में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही 24 वर्षीय अभिषेक ने अपनी इस तूफानी पारी में कई रिकॉर्ड्स भी ध्वस्त कर दिए हैं।

बता दें कि राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में अभिषेक ने 29 गेंदों में नाबाद 106 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 11 छक्के और 6 चौके शामिल थे, जिससे पंजाब ने 143 रन का लक्ष्य सिर्फ 9.3 ओवर में हासिल कर लिया।

अभिषेक ने ध्वस्त किए ये बड़े रिकॉर्ड्स

1. सबसे तेज शतक की बराबरी

अभिषेक शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के लिए 28 गेंदों में शतक ठोककर इतिहास रच दिया और किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज टी20 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। यह रिकॉर्ड पहले गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल के नाम था, जिन्होंने पिछले सप्ताह त्रिपुरा के खिलाफ 28 गेंदों में शतक ठोका था। हालांकि, टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब भी साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने 27 गेंदों में एस्टोनिया के लिए बैटिंग करते हुए सेंचुरी बनाई थी।

2. टी20 शतक में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट

अभिषेक शर्मा ने टी20 शतक में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। उन्होंने मेघालय के खिलाफ 2024 में खेले गए मैच में 365.52 की स्ट्राइक रेट से शतक पूरा किया। यह रिकॉर्ड साहिल चौहान के 351.21 और उर्विल पटेल के 322.85 की स्ट्राइक रेट से बेहतर है, जिन्होंने क्रमशः एस्टोनिया बनाम साइप्रस और गुजरात बनाम त्रिपुरा के मुकाबलों में शतक बनाए थे।

  • 365.52 – अभिषेक शर्मा (पंजाब बनाम मेघालय, 2024)*
  • 351.21 – साहिल चौहान (एस्टोनिया बनाम साइप्रस, 2024)
  • 322.85 – उर्विल पटेल (गुजरात बनाम त्रिपुरा, 2024)

3. एक साल में किसी एशियन द्वारा सबसे ज्यादा छक्के

अभिषेक शर्मा ने 2024 में अब तक 87 छक्के जड़कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह उपलब्धि हासिल करते हुए सूर्यकुमार यादव और रहमनुल्लाह गुरबाज जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम दर्ज था, जिन्होंने साल 2022 में 85 छक्के लगाए थे। वहीं, अफगानिस्तान के रहमनुल्लाह गुरबाज 2024 में 81 छक्के लगाकर तीसरे स्थान पर है।

4. एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी में 10वां छक्का लगाते ही सूर्यकुमार यादव का महारिकॉर्ड तोड़ दिया। अब अभिषेक शर्मा एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 2022 में 85 छक्के लगाए थे। अभिषेक शर्मा मौजूदा साल में अब तक 87 छक्के जड़ चुके हैं।

5. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक

अभिषेक शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अब तक कुल 4 शतक जड़कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 48 पारियों में हासिल किया है, जो टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनमुक्त चंद, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और रुतुराज गायकवाड़ के नाम था, जिनके नाम पर क्रमशः 3 शतक हैं। इनमें से उनमुक्त, ईशान, और श्रेयस ने अपने शतक 51 पारियों में जबकि रुतुराज ने 52 पारियों में बनाए थे। अभिषेक का यह प्रदर्शन उन्हें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान पर ले जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button