फाइनेंस कम्पनी का युवक तीन दिन से लापता, जंगल में मिली जली हुई बाइक, पुलिस जांच में जुटी

महासमुंद. पिथौरा थाना क्षेत्र में निजी फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला युवक अमित चौधरी 25 जुलाई की शाम से लापता है. रविवार को उसकी बाइक जंगल में जली हुई हालत में मिली. युवक को आखिरी बार बस स्टैंड के पास देखा गया था. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, अमित चौधरी निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था. वह 24-25 जुलाई की दरमियानी रात अपने घर से करीब 6 बजे शाम को निकला था. इसके बाद उसे अंतिम बार पिथौरा बस स्टैंड के पास एक होटल में देखा गया था. रात करीब 1 बजे उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों ने जब अमित के घर न लौटने की सूचना मिली, तो उनके छोटे भाई अमन चौधरी ने 25 जुलाई को रात 6 बजे स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

जंगल में जली हुई बाइक की खोज

पुलिस को रविवार, 27 जुलाई को सूचना मिली कि पीलवापाली के एक जंगल में एक बाइक जली हुई हालत में पड़ी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्टि की कि यह बाइक अमित चौधरी की है. थाना प्रभारी टी. उमेश वर्मा ने बताया कि बाइक की स्थिति संदिग्ध है और इसे जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच करवा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग लगने का कारण क्या था और क्या यह किसी साजिश का हिस्सा है.

पुलिस की सक्रियता और जांच

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू की है. थाना प्रभारी टी. उमेश वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया है, जो अमित के लापता होने के कारणों और बाइक जलने की घटना की तह तक जाने के लिए काम कर रहा है. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं और बस स्टैंड के पास स्थित होटल के कर्मचारियों व अन्य गवाहों से पूछताछ की जा रही है.

इसके अलावा, अमित के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और लोकेशन हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है.पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और जंगल के आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है. इसके साथ ही, स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds