बिलासपुर : बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में देर रात गैंगरेप की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक नाबालिग युवती परिजनों की महिलाओं के साथ फटे कपड़ों में थाने पहुंची और पांच युवकों पर सुनसान जगह ले जाकर गैंगरेप करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जब पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की तो युवती के बयान और संदिग्ध युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोधाभास सामने आया। पुलिस जांच में गैंगरेप की कहानी झूठी होने और पुरानी रंजिश में पांच युवकों को फंसाने की साजिश का दावा सामने आया है। इस मामले में एक युवती और दो युवकों की तलाश की जा रही है। हालांकि, सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने ऐसी किसी घटना या शिकायत की जानकारी होने से इनकार किया है।
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग युवती को एक युवती और दो युवकों ने 30 हजार रुपए का लालच देकर पांच युवकों के खिलाफ झूठी दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तैयार किया। इसके बाद युवती के कपड़े फाड़कर उसे सकरी थाने ले जाया गया, जहां उसने पांच युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोप लगाए गए युवकों से पूछताछ की।
जांच के दौरान युवती के बताए घटनाक्रम और युवकों की उस समय की मौजूदगी को लेकर विरोधाभास सामने आया। महिला पुलिसकर्मियों ने नाबालिग से अलग से पूछताछ की, जिसके बाद पुलिस ने गैंगरेप की कहानी झूठी होने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते पांच युवकों को फंसाने की योजना बनाई गई थी और इसके बदले युवकों से मोटी रकम वसूलने का लालच भी दिया गया था।
मामले में पुलिस ने नाबालिग और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सकरी थाने में जीरो पर अपराध दर्ज कर केस डायरी सिविल लाइन थाने भेजी गई है, जहां अब मामले की आगे की जांच की जा रही है। पुलिस इस कथित साजिश में शामिल एक युवती और दो युवकों की तलाश कर रही है, जबकि एक संदेही युवती से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
दूसरी ओर सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने इस पूरे मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि सकरी थाना क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई और न ही इस संबंध में थाने में कोई शिकायत आई है। ऐसे में जीरो में दर्ज अपराध और थानेदार के बयान के बीच भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। अब पूरे मामले की जांच के बाद ही सामने आएगा कि गैंगरेप की शिकायत के पीछे की वास्तविक कहानी क्या थी और पांच युवकों को फंसाने की कथित साजिश में कौन-कौन शामिल था।