पाटन में दुकान से लौट रही बच्ची को बाइक सवार ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत, शराब के नशे में था चालक

दुर्ग : जिले के पाटन ब्लाक में सड़क दुर्घटनाओं का दौर नहीं थम रहा है। उत्तर पाटन के ग्राम भाठागांव (औरी) में एक आठ वर्षीय बालिका को बाइक सवार ने चपेट में ले लिया। घटना में बच्ची की मौत हो गई । लगातार हो रहे हादसों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए ब्रेकर बनाने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक भाठागांव (औरी) में रहने वाले प्रकाश निषाद की बेटी नम्रता निषाद (8) दुकान में सामान खरीदने गई थी। वहां से घर लौट रही थी। इस दौरान ही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गई। नम्रता तीसरी की छात्रा थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक शराब के नशे में था। वह बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाया। घटना में बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल बालिका और बाइक चालक दोनों को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घायल बच्ची ने दम तोड़ दिया। वहीं बाइक चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सड़क पर दो पहिया व चार पहिया के साथ ही भारी वाहनों का दबाव काफी हो गया है। भिलाई-तीन पुरैना से फ्लाई ऐश लेकर आने वाले भारी वाहनों के अलावा लौह अयस्क लेकर चलने वाले भारी वाहन भी इधर से आते हैं। वाहनों की तेज रफ्तार की वजह से हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बता दें कि मोतीपुर चौक पर ही कुछ माह पहले कैप्सूल वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया था, जिसमें भाठागांव (औरी) में ही रहने वाले पिता-पुत्र की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds