विधानसभा में कांग्रेस विधायक ने उठाया एसआईआर प्रक्रिया में टीचर्स की ड्यूटी का मुद्दा, शिक्षा मंत्री बोले- बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हुई

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है. सदन में बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया ने स्पेशल इंटेसिव रिवीजन प्रक्रिया के लिए शिक्षकों की ड्यूटी से बच्चों की पढ़ाई बाधित होने का मुद्दा उठाया. कांग्रेस विधायक के सवाल का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि इससे बच्चों की पढ़ाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है.

शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?

बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही में कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया के सवाल पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि SIR प्रक्रिया में शिक्षकों की ड्यूटी से बच्चों की पढ़ाई पर कोई बाधा नहीं आई है. उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता सूची के लिए SIR प्रक्रिया में 18,198 शिक्षक कार्यरत हैं. शिक्षक अपने पदस्थ संस्था में रहकर काम कर रहे हैं. SIR में शिक्षकों की ड्यूटी से पढ़ाई प्रभावित नहीं हो रही है.

विधानसभा की कार्यवाही में क्या-क्या हुआ?

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन कई विषयों पर चर्चा हुई. जल जीवन मिशन, गिग वर्कर्स, एसटीपी, नशा एवं तस्करी और अवैध शराब समेत कई मुद्दे उठाए गए.

विधायक धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर के स्मार्ट सिटी क्षेत्र में ऑक्सीजोन निर्माण का मुद्दा उठाया. वहीं, इस सवाल का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर को ग्रीन बनाने के लिए शहर में उद्यान का निर्माण किया जा रहा है. स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा आक्सीजोन का प्रस्ताव नहीं है.

विधायक संगीता सिन्हा ने बालोद में जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाया. डिप्टी सीएम ने इसका जवाब देते कहा कि जहां-जहां गुणवत्ताहीन काम हुआ है, जानकारी दीजिए कार्रवाई करेंगे.

बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने गिग वर्कर्स का मुद्दा उठाया. मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि स्विगी, जोमैटो जैसी कंपनियां श्रम विभाग के तहत रजिस्टर नहीं हैं, यही वजह है कि गिग वर्कर्स की जानकारी नहीं है, भर्ती और योग्यता भी निर्धारित नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds