कोरबा : जिले में कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र स्नान के दौरान बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सर्वमंगला मंदिर के पास हसदेव नदी में स्नान करने गया एक 10 वर्षीय बच्चा नदी की गहराई में डूब गया। सूचना मिलते ही एसडीआरऍफ़ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक बच्चे की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, बच्चा पुरानी बस्ती क्षेत्र का निवासी है। बुधवार सुबह वह अपने एक दोस्त के साथ हसदेव नदी में कार्तिक पूर्णिमा का पुण्य स्नान करने गया था। दोनों बच्चे पानी में उतर गए, लेकिन गहराई बढ़ने पर वह अचानक फिसल गया और तेज धारा में बह गया।
साथ गए बच्चे ने उसे डूबते देखा तो घबराकर घाट से बाहर भागा और आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एसडीआरऍफ़, गोताखोर दल और कोरबा पुलिस मौके पर पहुंच गए और बच्चे की खोज शुरू की।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके के लोग बड़ी संख्या में घाट पर पहुंच गए। बच्चे के परिजन भी मौके पर पहुंचे तो वहां का माहौल भावुक हो गया। लोगों ने उम्मीद जताई कि बच्चा जल्द सुरक्षित मिल जाए, जबकि नदी की तेज धारा और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि एसडीआरऍफ़ की टीम नदी के दोनों किनारों पर तलाश अभियान चला रही है। गोताखोर लगातार नदी की गहराई में जाकर बच्चे की खोज कर रहे हैं। नदी के तेज बहाव और गाद की परतों के कारण रेस्क्यू में देरी हो रही है।