शराब पीकर तेज रफ़्तार से बाइक चला रहे जीजा-साले की दुर्घटना में मौत

जीपीएम : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रविवार को हुए सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई। दोनों जीजा-साले शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से पुटा गांव जा रहे थे, लेकिन उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। दोनों की मौत मौके पर ही हो गई।

जानकारी के मुताबिक, अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए सत्यनारायण यादव (30 वर्ष) अपने साले बंधन यादव (22 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर पुटा गांव जा रहा था। दोनों ने शराब पी रखी थी, साथ ही बाइक की रफ्तार भी काफी तेज थी। जीजा सत्यनारायण शराब के नशे में था, जिसके कारण वो अपनी तेज रफ्तार बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका, पुटा गांव पहुंचने से पहले ही बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। जिससे दोनों जीजा-साले बाइक से नीचे जा गिरे।

हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोट आई, वहीं खून ज्यादा बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जीजा सत्यानारायण यादव बेलगहना के नवाडीह का रहने वाला था, वहीं साला बंधन यादव जोगिसार सारीताल पारा थाना गौरेला का निवासी था। इनकी बाइक पर एक युवक मिलाप सिंह भी सवार था, जो एक्सीडेंट से पहले ग्राम लमना में उतर गया था, जिसके कारण उसकी जान बच गई। रिश्तेदार रामनारायण यादव ने बताया कि मिलाप सिंह को दोनों ने ग्राम लमना में शनिवार रात को छोड़ा था। ये सभी बिल्हा से आ रहे थे।

इसके बाद दोनों बस्तीबगरा होते हुए पुटा गांव जाने के लिए निकले थे। तभी रविवार सुबह यह हादसा हुआ है। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पेंड्रा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। पेंड्रा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds