MP महापौर की गाड़ी का नंबर BOSS’: चालान कटते ही खंडवा में गरमाई सियासत, कांग्रेस पार्षद पर FIR, TI को सस्पेंड करने की मांग

खंडवा : खंडवा में महापौर के सरकार वाहन का चालान कटने के बाद बवंडर मच गया। शनिवार को मामला और गरमा गया। शुक्रवार रात 10 बजे नगर निगम में भाजपा की आदिवासी महिला पार्षद ने नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है। चालान काटने वाले ट्रैफिक TI को भी सस्पेंड करने की मांग की है। इधर कांग्रेसियों ने भी कोर्ट जाने की बात कही है।

जानें पूरा विवाद 
खंडवा में भाजपा महापौर अमृता यादव की सरकारी गाड़ी के नंबर प्लेट पर BOSS लिखा है। यह ट्रैफिक नियमों के खिलाफ है। 13 सितंबर को दोपहर के समय गाड़ी नगर निगम परिसर में खड़ी थी। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने महापौर की BOSS गाड़ी की शिकायत ट्रैफिक टीआई से की थी।

पीएम मोदी का मुखौटा लगाकर हंगामा 
शिकायत करने के बाद कांग्रेस पार्षदों ने गाड़ी के सामने धरना दे दिया। कांग्रेसी पीएम मोदी का मुखौटा पहने हुए थे। हंगामा होते देख टीआई सौरभ सिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे और महापौर की गाड़ी का चालान काट दिया। महापौर का ड्राइवर वहां मौजूद नहीं था। नेता प्रतिपक्ष ने ही जुर्माने की राशि 500 रुपए भर दी।  भाजपा नेताओं को जब इसकी जानकारी लगी, तो उन्होंने हंगामा कर दिया।

आदिवासी पार्षद ने करवा दी FIR 
शुक्रवार रात को ही भाजपा की आदिवासी पार्षद रोशनी गोलकर अन्य नेताओं के साथ कोतवाली थाने पहुंची। पार्षद रोशनी ने नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर के खिलाफ शिकायत की। महिला पार्षद ने कहा कि मुल्लू राठौर ने नगर निगम परिसर में बिना अनुमति भीड़ जुटाई। हैंडहोल्ड लाउड स्पीकर का इस्तेमाल किया, जो गैरकानूनी है। इसके बाद पुलिस ने मुल्लू राठौर के खिलाफ केस दर्ज किया।

खुन्नस निकालने पुलिस पर बनाया दबाव 
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रचना तिवारी का कहना है कि चालानी कार्रवाई की खुन्नस निकालने के लिए भाजपा ने पुलिस पर दबाव बनाया। एफआईआर को लेकर नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर का कहना है कि पुलिस ने सत्ता के दबाव में मामला दर्ज किया है। केस को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।   भीड़ मैंने नहीं, बल्कि भाजपा वालों ने जुटाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds