अक्षय कुमार पर भड़के थियेटर के मालिक, kapil sharma को ठहराया “सेल्फी” फ्लॉप होने का जिम्मेदार

मुंबई: बॉलीवुड के खिलाड़ी यानी अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म ‘सेल्फी’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई। वह इन दिनों अपने करियर के मुश्किल भरे दौर से गुजर रहे हैं। लगातार उनकी फिल्में फ्लॉप हो रही हैं। इस बार अक्षय ने अपनी पांचवीं फ्लॉप फिल्म ‘सेल्फी’ दी है। इससे पहले अक्षय की ‘रक्षा बंधन’, ‘सम्राट पृथ्वीराज’, ‘बच्चन पांडे’ और ‘राम सेतु’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई हैं। लगातार फ्लॉप फिल्में देने पर गेयटी गैलेक्सी के मालिक मनोज देसाई ने अक्षय कुमार पर अपना गुस्सा जाहिर किया है और इसके लिए उन्होंने कपिल शर्मा को भी जिम्मेदार ठहराया है।

फ्लॉप फिल्मों की वजह कपिल

जब भी अक्षय की कोई फिल्म रिलीज होती है तो वह उसका प्रमोशन करने कपिल शर्मा के शो पर पहुंच जाते हैं। इसके अलावा भी कई बार अक्षय ‘द कपिल शर्मा शो’ में देखे गए हैं। अब इस पर मनोज देसाई ने अभिनेता की लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों का जिम्मेदार कपिल को बताया है। मनोज ने ‘द कपिल शर्मा शो’ में अक्षय के लगातार जाने पर आलोचना की है। अब सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

अक्षय से पूछा सवाल

मनोज वीडियो में कह रहे हैं कि आप क्या घड़ी-घड़ी उधर जा रहे हैं? आपका कुछ इसमें निवेश है? आपको क्या मिलता है? वह तो सलमान खान का शो है। आप क्यों जाते हैं कपिल के शो पर? मेरे दोस्तों, मेरी जनता ने कितना बोला है कि अक्षय कुमार जी घड़ी घड़ी शो पर जाते हैं, क्या उनको शोभा देता है? अब मैं आपको पूछता हूं अक्षय जी कि क्या आपको शोभा देता है?

कपिल पर क्या बोले मनोज?

मनोज देसाई ने कपिल शर्मा की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कपिल ने मुझे भी अपने शो में तीन बार आमंत्रित किया, लेकिन मैं गया नहीं। वह कभी तुम्हारी तारीफ करता है, कभी कचरा करता है। यह आपको शोभा देता है? आपको हुआ क्या है? आप तो पहले ऐसी फिल्में देते थे, जिससे दुनिया की हवा टाइट हो जाती थी। अब क्या हो गया है आपको?

सेल्फी हुई फ्लॉप

बता दें कि अक्षय कुमार की ‘सेल्फी’ 24 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के पहले दिन ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। 150 करोड़ के बजट में बनी ‘सेल्फी’ ने ओपनिंग डे पर महज 2.55 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा इमरान हाशमी, नुसरत भरूचा, राहुल देव जैसे कई कलाकार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds