लॉगिन

मेयर ने सीएम को बताया भगवान विष्णु का अवतार : नुआखाई के कार्यक्रम में ढेबर और सीएम साय के बीच हुआ रोचक संवाद

Chhattisgarh September 4, 2024 रिपोर्टर: shailesh
मेयर ने सीएम को बताया भगवान विष्णु का अवतार : नुआखाई के कार्यक्रम में ढेबर और सीएम साय के बीच हुआ रोचक संवाद

मेयर ने सीएम को बताया भगवान विष्णु का अवतार : नुआखाई के कार्यक्रम में ढेबर और सीएम साय के बीच हुआ रोचक संवाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गॉस मेमोरियल मैदान में नुआखाई कार्यक्रम के अवसर पर सीएम विष्णुदेव साय और मेयर एजाज ढेबर पहुंचे थे। जहां मेयर एजाज ढेबर ने सीएम श्री साय को विष्णु का अवतार बताते हुए उनसे कुछ मांगे रखी। इसके बाद सीएम श्री साय ने माइक संभालते हुए कहा कि, बड़ा अफसोस होता है कि, 5 साल आपकी सरकार थी लेकिन आपने समाज के लिए कुछ नहीं किया। यह सुनते ही भीड़ तालियां और सीटियां बजाने लगी।

रायपुर के गॉस मेमोरियल मैदान में आयोजित नुआखाई के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा के समापन कार्यक्रम का। यहां अपने संबोधन में महापौर ने तीन से चार बार मुख्यमंत्री को विष्णु का अवतार कहा। मेयर श्री ढेबर ने कहा कि, आप जब से आए हैं तब से देखा जा रहा है कि, आप सांय- सांय काम कर रहे हैं, तो आज इस मंच से भी आप सांय- सांय एक काम करके दिखा दीजिए। समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनाने में समस्या आती है। आज ऐलान कर दीजिए ताकि लोगों की समस्या दूर हो। इसके बाद ढेबर ने समाज के लिए सामुदायिक भवन बनाने, छुट्‌टी घोषित करने, समाज के लिए अलग मंडल आयोग बनाने की मांग सीएम से की।

सीएम बोले- मेयर नहीं गिना पाए कांग्रेस सरकार के काम  

अपनी बारी आने पर सीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि, महापौर ने बड़ी दमदारी से यहां एक के बाद बहुत सारी मांगे रखी हैं। मगर 5 साल उनकी सरकार थी। लेकिन ये एक भी काम नहीं गिना पाए। आपकी सरकार ने उत्कल समाज के लिए कुछ किया हो अगर आप गिना पाते, 5 साल में समाज पर आपकी सरकार ने कोई मेहरबानी की होती तो जानकर खुशी होती। उन्होंने आगे कहा कि, समाज की ओर से आपने जो मांग रखी है वह सरकार जरूर पूरी करेगी, क्योंकि यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है जो कहती है, वो करती है।

सीएम ने ऋषि पंचमी और नुआखाई के दिन की छुट्टी की घोषणा 

नुआखाई के अवसर पर सीएम श्री साय ने ऋषि पंचमी और नुआखाई के दिन उत्कल समाज की बहुलता वाले जिलों में अवकाश की घोषणा की है। उत्कल समाज को रायपुर में सामाजिक भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही दिक्कतों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा और रायपुर के बूढ़ी मां मंदिर का जीर्णोद्धार किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

सीएम श्री साय ने कार्यक्रम में आगे कहा कि, नुआखाई के पांच दिन पहले ही समाज द्वारा भव्य शोभा यात्रा का आयोजन नुआखाई को लेकर उनके उत्साह और समाज की एकजुटता का प्रमाण है। समाज की उन्नति के लिए यह आवश्यक है कि, समाज बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। आप अपने बेटे- बेटियों को पढ़ाएं और युवा पीढ़ी नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds