सौगात: ओवर स्पीडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर लगाम लगाने छत्‍तीसगढ़ की सड़कों पर दौड़ेंगे इंटर सेप्टर वाहन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए रायपुर समेत 15 जिलों में सर्वसुविधा से युक्त 15 नए इंटर सेप्टर वाहन अब दौड़ेंगे। शुक्रवार की सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन इंटर सेप्टर वाहनों को सीएम हाउस के सामने फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया।

राज्य में लंबे समय ऐसे सर्वसुविधायुक्त इंटर सेप्टर वाहनाें की आवश्यकता राज्य में महसूस की जा रही थी। इंटर सेप्टर वाहन से अब आसानी से हाईवे समेत अन्य मार्गों पर तेज रफ्तार में दौड़ने वाले वाहनों की रफ्तार पर लगाम कस सकेगा।

साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने, निर्धारित मापदंड से अधिक चकाचौंध के हेड लाइट, वाहन में लगे यंत्रों की तेज आवाज मापने, वाहनाें के ग्लास में निर्धारित मापदंड से अधिक गहरी काली फिल्म लगाकर अपराध करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सकेगी।

सर्वसुविधा से युक्त इंटर सेप्टर वाहन

इंटर सेप्टर वाहन में स्पीड रडार गन लगा हुआ है। यह तेज रफ्तार में दौड़ने वाले वाहनों की गति को मापने का काम करेगा। इसी तरह से शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले चालकों की जांच ब्रीथ एनालाइजर मशीन से की जा सकेगी।

वाहन में निगरानी के लिए सर्विलांस कैमरा, प्रकाश तीव्रता मापन यंत्र से वाहन की तेज हेडलाइट (प्रकाश) की जांच आसानी से होने के साथ ध्वनि मापक यंत्र से वाहन में लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रो की आवाज मापा जा सकेगा।

इसी तरह ग्लास पारदर्शिता यंत्र से वाहन के ग्लास की पारदर्शिता मापने, पीए सिस्टम यंत्र से सुगम यातायात प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश दिए जा सकेंगे।

इन जिलों में होगी तैनाती

नए इंटर सेप्टर वाहनाें की तैनाती रायपुर समेत बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, रायगढ़ सरगुजा, जगदलपुर, कांकेर में की जा रही है। इन 15 जिलाें में इंटर सेप्टर वाहनाें के संचालन के लिए चिन्हित कर्मचारियाें को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds