CG : अनपढ़ ठगों ने आधा दर्जन से ज्यादा पढ़े-लिखे नौकरी पेशा लोगो से की 15 लाख से ज्यादा की ठगी, दोनों ठग गिरफ्तार

बलौदाबाजार :  बलौदाबाजार जिले के पलारी में दो अनपढ़ व्यक्तियों ने आधा दर्जन से भी ज्यादा पढ़े-लिखे नौकरी पेशा लोगों को ठगी का शिकार बनाया। आरोपियों ने शेयर बाजार में पैसे दोगुनी करने का झांसा देकर 15 लाख से ज्यादा रुपए की ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर पलारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस पूरे मामले को लेकर पड़ताल करने से चौंकाने वाली बात सामने आई कि, पीड़ितों ने खुद ही ठगों के पास जाकर सारे पैसे दिए। पीड़ितों में से एक ग्राम रोहंशी के बजरंग ध्रुव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि, ग्राम डोंगा कोहरौद जिला जांजगीर के रामकुमार बंजारे उर्फ बुधराम और ग्राम मेकरी के किशोर लहरे ने पैसे को शेयर मार्केट में लगा कर एक सप्ताह के अंदर तीन गुना से दस गुना तक करने का झांसा देकर ठगी कर लिया।

शेयर मार्केट के नाम पर दी किश्तें

पीड़ित ने बताया कि, वह अपने गांव में सुअर पालन का व्यवसाय करता है।  दो साल पहले एक परिचीत ने बताया कि, डोंगा कोहरौद का रामकुमार बंजारे शेयर मार्केट में पैसे इंवेस्ट करता है और एक सप्ताह में रकम को तीन गुना से दस गुना तक करता है। यह बात पता चलने पर मैंने भी आरोपी के घर जाकर उससे मुलाकात की। उनकी लच्छेदार बातों में आकर मैंने भी पहले एक लाख रुपए नगद दिया, उसके बाद चार अलग-अलग किश्तों में कुल 7 लाख रूपए दिए।

पैसे नहीं लौटाने पर हुआ शक 

जब कई दिन बीतने के बाद भी आरोपी ने बढ़ा पैसा और मेरा अपना मूल रकम वापस नहीं किया तो मुझे उस पर शक हुआ। जब भी मैंने उससे अपना पैसा मांगा वह झूठा आश्वासन देकर मुझे बेवकूफ बनाता रहा। पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ा तो कई और ठगी के शिकार लोग भी सामने आए। जिनमें संडी मुडपार के राजेश वर्मा से 50 हजार रुपये, सीतापार के मुकेश वर्मा से 3 लाख रुपये, मंगला पासीद के कपील कैवर्त्य से 2.5 ढाई लाख रुपये और बुधराम पाल से पचास हजार रुपये इस तरह ये सभी लोग शेयर बाजार में पैसा दोगुना करने के लालच में ठगी का शिकार हो गए।

पीड़ित ठगों तक खुद पहुंचे 

ताज्जुब है कि, पकड़े गए दोनों ठग अनपढ़ हैं, वे कभी स्कूल ही नही गए। जबकि, ठगी के शिकार सभी व्यक्ति पढ़े-लिखे और नौकरी पेशा हैं और उन्होंने खुद ही ठगों के पास जाकर उन्हें पैसे दिए हैं। आरोपियों ने बताया कि,  वे सभी पैसे जुए में हार चुके हैं अब उनके पास एक भी पैसा नहीं है।

मंत्री के पास गए तब हुआ खुलासा

पीड़ित 2 साल पहले हुए ठगी के मामले को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से शिकायत करने पहुंचे। तब मंत्री टंकराम वर्मा ने बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिस पर पलारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds