CG : प्राचार्य ने महिला टीचर को जड़ा थप्पड़, जांच करने पहुचे डीईओ पर जमाया रौब, कलेक्टर ने की कार्रवाई

बलरामपुर : इन दिनों शिक्षा विभाग सुर्खिया बटोरने में लगा हुआ है एक ऐसा ही मामला सामने आया है, शा.उ.मा. विद्यालय राजपुर में बीते दिनों स्कूल के प्राचार्य ने महिला शिक्षिका को थप्पड़ मार दिया था। इतना ही नहीं प्राचार्य पर स्कूल परिसर में लगे पेड़ों को भी काटने का आरोप था। महिला शिक्षका ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की थी।
इस मामले की जांच करने डीईओ स्कूल पहुंचे और प्रिंसीपल से आरोपों की जानकारी लेनी चाही। लेकिन प्राचार्य उलटा उन पर ही रौब जमाने लगे और कोई भी स्पष्टीकरण नहीं दिया। जिसके बाद डीईओ ने कलेक्टर को मामले की जानकारी दी। वहीं अब इस मामले में एक्शन लेते हुए कलेक्टर ने महिला शिक्षक को थप्पड़ मारने वाले प्राचार्य को उनके पद से हटाते हुए एसडीएम ऑफिस बलरामपुर में अटैच करने का आदेश जारी किया है। वहीं स्कूल के ही शिक्षक विनोद मिश्रा को प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है।