भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी एम्स में भर्ती, हालत स्थिर डॉक्टर कर रहे निगरानी

नई दिल्ली : भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी को बीती रात दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया था। गुरुवार सुबह एम्स की ओर से आधिकारिक जानकारी दी गई। डॉक्टरों के मुताबिक, आडवाणी की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
हालांकि, अस्पताल ने पूर्व डिप्टी पीएम और भारत रत्न से सम्मानित दिग्गज नेता की हेल्थ के बारे में इससे अधिक जानकारी नहीं दी। माना जा रहा है कि आडवाणी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं। उम्मीद की जा रही है कि उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
सोशल मीडिया पर जल्द स्वस्थ होने की कामना
जैसे ही खबर आई कि आड़वाणी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, भाजपा नेताओं के साथ ही आम लोगों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सोशल मीडिया पर संदेशों की बाढ़ आ गई।