भूपेश बघेल ने लगाया बड़ा आरोप, कहा “ईवीएम के बदले गए नंबर”, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार

रायपुर : पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने ईवीएम के नंबर बदले जाने का लगाया आरोप। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम की संख्या में कथित विसंगतियों को तथ्यों पर आधारित नहीं होने की बात कहते हुए आरोपों को निराधार बताया

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि चुनाव आयोग ने चुनाव में प्रयुक्त होने वाली मशीनों के नंबर दिए थे। इसमें बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट शामिल है। मेरे चुनाव क्षेत्र राजनादगांव मतदान के बाद फ़ॉर्म 17सी में जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार बहुत सी मशीनों के नंबर बदल गए हैं। जिन बूथों पर नंबर बदले हैं उससे हज़ारों वोट प्रभावित होते हैं और भी कई लोकसभा क्षेत्रों में यही शिकायतें मिली हैं।

आगे कहा कि हम राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत कर रहे हैं। इसका जवाब देना चाहिए कि किन परिस्थितियों में मशीनें बदली गई हैं और चुनाव परिणाम पर होने वाले असर के लिए कौन जिम्मेदार होगा? बदले हुए नंबरों की सूची बहुत लंबी है पर एक छोटी सूची आप सबके अवलोकनार्थ संलग्न है।

छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने् जवाब में कहा कि राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार के साथ साझा की गई ईवीएम की संख्या में कथित विसंगति तथ्यों पर आधारित नहीं है। चुनाव के दौरान इस्तेमाल की गई ईवीएम, निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के साथ रैंडमाइजेशन के बाद साझा की गई मशीनों की सूची के अनुसार ही है।

उन्होंने कहा कि सभी पेपर सील को वास्तविक मतगणना के समय फॉर्म 17(सी) में उल्लिखित संख्या के साथ सत्यापित किया जा सकता है। मतदान, नियंत्रण इकाइयों और वीवीपीएटी की विशिष्ट संख्या को भी उम्मीदवारों के साथ मतदान से पहले और बाद में साझा की गई सूचियों से सत्यापित किया जा सकता है। इसलिए मतदान के बाद ईवीएम में कथित बदलाव का आरोप गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds