ऊर्जा सचिव पी. दयानंद ने दिए सख्त निर्देश,वक्त पर बिजली की खराबी ठीक नहीं करने वाले अधिकारियो पर गिरेगी गाज

रायपुर : बिजली आपूर्ति में बाधा की शिकायतों को देखते हुए ऊर्जा सचिव पी. दयानंद ने ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अधिकारियों को तलब किया और जिन स्थानों पर आपूर्ति बहाली में निर्धारित से अधिक या गैरवाजिब समय लग रहा है, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष पी. दयानंद ने बैठक में विस्तार से इन समस्याओं का कारण पूछा, तो अधिकारियों ने बताया कि विगत पांच वर्षों में विद्युत उपकेन्द्र तथा लाइनों की स्थापना जैसे अधोसंरचना के विकास के कार्यों में बहुत रुकावट आई थी। अनेक कारणों से विद्युत विकास कार्यों में प्रगति नहीं हो पाई, जिसका विपरीत असर वर्तमान समय में दिखाई पड़ रहा है।

गर्मी के कारण जहां सर्वाधिक मांग दर्ज की जा रही है, उसके अनुरूप आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन जिन स्थानों पर कार्य स्वीकृत है, टेंडर हो चुके हैं बजट की समस्या नहीं है, वहां भी उचित मानीटरिंग नहीं होने के कारण वांछित प्रगति नहीं हो पाई है।श्री दयानंद ने इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही ऐसे कार्यों की सूची तलब की है। जशपुर जिले में 15 विद्युत उपकेन्द्र स्वीकृत होने के बावजूद वहां कार्य पूर्ण नहीं होने पर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया।

वर्तमान समय में मौसम के कारण आ रही हैं दिक्कतें

बैठक में बताया गया, यदि ये कार्य समय पर हो गए होते, तो मौसम के कारण वर्तमान समय में जो दिक्कतें आ रही हैं, उनका समाधान हो गया होता। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में बाधा और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने वाले प्रकरणों की सूची भी तलब की है, ताकि जिम्मेदारी का निर्धारण किया जा सके। मांढर जिला रायपुर, मनेन्द्रगढ़, भाटापारा, कोपरा, भानुप्रतापपुर, रायगढ़, जगदलपुर, बिलासपुर आदि स्थानों से आई जानकारी के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बै

ठक में प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने अनेक स्थानों पर पारेषण तथा वितरण तंत्र की मजबूती के लिए हुई अच्छी प्रगति की जानकारी भी दी तथा बताया, आचार संहिता के कारण भी बहुत से कार्य प्रभावित हुए हैं जिन्हें आचार संहिता समाप्त होते ही तेजी से पूर्ण किया जाएगा। बैठक में भीम सिंह कंवर, कार्यपालक निदेशक (वितरण), राजेन्द्र प्रसाद, कार्यपालक निदेशक (वितरण-परियोजना), संजय पटेल, कार्यपालक निदेशक (पारेषण-परियोजना) उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds