लॉगिन

पूर्व पीएम देवेगौड़ा ने अपने पोते से झाड़ा पल्ला, कहा- अगर दोषी हुए तो कार्रवाई होने पर नहीं आपत्ति

National May 18, 2024 रिपोर्टर: shailesh
पूर्व पीएम देवेगौड़ा ने अपने पोते से झाड़ा पल्ला, कहा- अगर दोषी हुए तो कार्रवाई होने पर नहीं आपत्ति

पूर्व पीएम देवेगौड़ा ने अपने पोते से झाड़ा पल्ला, कहा- अगर दोषी हुए तो कार्रवाई होने पर नहीं आपत्ति

बंगलरु : कर्नाटक की राजनीति में हलचल मची हुई है। एचडी रेवन्ना के बेटे और हासन सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं से यौन शोषण करने का आरोप है। उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं अपने पोते पर लगे आरोपों पर आखिरकार पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने चुप्पी तोड़ी। उन्होंने शनिवार को कहा कि अगर प्रज्ज्वल दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

अपने बेटे रेवन्ना का लिया पक्ष

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे और जेडीएस विधायक एचडी रेवन्ना के खिलाफ महिला का अपहरण करने और यौन शोषण करने का आरोप झूठा है। यह मामला तैयार किया गया है। उन्होंने इस पर ज्यादा कुछ बोलने से परहेज किया क्योंकि मामला विचाराधीन है।हाल ही में गौड़ा ने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का एलान किया था। साथ ही अपने चाहने वालों से अनुरोध किया था कि पार्टी कार्यकर्ता जहां हैं वहीं से उन्हें जन्मदिन की शुभकामना दें।

टिप्पणी करने से किया इनकार

पूर्व प्रधानमंत्री गौड़ा ने कहा, ‘मैं रेवन्ना के संबंध में अदालत में चल रही चीजों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। इस संबंध में कुमारस्वामी (गौड़ा के दूसरे बेटे एवं जेडीएस प्रमुख) ने हमारे परिवार की ओर से कहा है कि यह सरकार का कर्तव्य है कि वह देश के कानून के अनुसार कार्रवाई करे।’

पत्रकारों से एचडी देवेगौड़ा ने कहा, ‘यौन शोषण मामले से कई लोग जुड़े हुए हैं। मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता हूं। कुमारस्वामी का कहना है कि इस मामले से जो लोग भी जुड़े हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं पीड़ित महिलाओं को न्याय मिले।’

किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए

देवेगौड़ा ने अपने बेटे कुमारस्वामी के बयान से सहमति जताई कि अगर  दोषी पाए जाते हैं तो किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘प्रज्ज्वल के खिलाफ कार्रवाई करने पर हमारी ओर से कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन लोगों को रेवन्ना के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में सच पता चल गया है कि मामला कैसे बनाया गया है। एक मामले में उन्हें जमानत मिल गई है, दूसरे मामले में परसों फैसला आ रहा है। मैं इस पर और अधिक टिप्पणी नहीं करना चाहता।’

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds