फर्जी अंकसूची से बीएसपी प्लांट में की 30 साल नौकरी, आरोपी सीनियर आपरेटर गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने 30 साल से भिलाई स्टील प्लांट में फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने बीएसपी में नौकरी पाने के लिए फर्जी अंकसूची के साथ साथ फर्जी अनुकंपा नियुक्ति का दस्तावेज तैयार किया और नौकरी पा ली। भट्ठी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फर्जी दस्तावेज तैयार कर भिलाई इस्पात संयंत्र में नौकरी करने वाले नटवरलाल की पहचान किशन लाल (59 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 420,467, 468, 471 के तहत अपराध दर्ज किया है।

भट्ठी टीआई विपिन रंगारी ने बताया कि गुंडरदेही बालोद निवासी मंथीर राम टंडन ने पिछले साल एसपी कार्यालय में शिकायत की थी कि उसके पिता लैनू राम टंडन बीएसपी के कोक ओवन विभाग में सीनियर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 1990 पिता मेडिकल अनफिट हो गए। इसके चलते छोटे भाई किशन लाल ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। उस दौरान उसने 10वीं पास का सार्टिफिकेट लगाया था, जबकि उनका भाई 10वीं की परीक्षा में फेल हो गया।

बीएसपी में नौकरी पाने के लिए किशन ने फर्जी 10वीं पास की मार्कशीट और अनुकंपा नियुक्ति के दस्तावेज तैयार किए। इसके आधार पर उसने बीएसपी में नियमित कर्मचारी के रूप में एमएम सिविल मेंटनेंस डिपार्टमेंट सेक्टर 9 में अटेंडेंट सिविल के पद पर नियुक्ति पा ली। टीआई रंगारी ने बताया कि शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई। बीएसपी से दस्तावेज मांगे गए तो पता चला कि किशन लाल ने वर्ष 1993 में एनएमआर की श्रेणी में अनुकंपा नियुक्ति के समय जो दस्तावेज अपनी शैक्षणिक योग्यता के संबंध में जमा किया था। वह फर्जी दस्तावेज थे। इस आधार पर भट्ठी पुलिस ने आरोपी किशन लाल निवासी ग्राम-पुरई उतई निवासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds